सॉफ्टवेयर अपडेट का झटका, बेल्थरारोड रजिस्ट्री में दिनभर हंगामा
5 में महज एक हुआ बैनामा

सॉफ्टवेयर अपडेट का झटका, बेल्थरारोड रजिस्ट्री में दिनभर हंगामा, 5 में महज एक हुआ बैनामा, बाकी लौटे खाली हाथ
बलिया: बेल्थरारोड रजिस्ट्री कार्यालय में नया सॉफ्टवेयर लागू होते ही बैनामा प्रक्रिया ठप जैसी हो गई। आधार कार्ड मैपिंग की अनिवार्यता ने ऐसा पेंच फंसाया कि कभी आधार मिसमैच तो कभी नेटवर्क प्रॉब्लम और स्लो साइट के चलते पूरे दिन रजिस्ट्री कार्यालय में अफरा-तफरी मची रही। बैनामा कराने वाले अपने अधिवक्ता और परिजनों के साथ इधर-उधर दौड़ते रहे और कर्मचारी कंप्यूटर स्क्रीन पर जूझते नजर आए।
सोमवार को कुल 7 बैनामों की फाइल कार्यालय पहुंची, लेकिन 2 फाइलें अधूरे दस्तावेज और आधार कार्ड न होने के कारण शुरुआत में ही लौटा दी गईं। शेष 5 बैनामों को नए सॉफ्टवेयर पर अपलोड करने की कोशिश दिनभर चलती रही, मगर तकनीकी खामियों ने एक-एक कर सभी प्रयास नाकाम कर दिए।
करीब साढ़े चार बजे शाम को अचानक सिस्टम ने साथ दिया और गुड़िया शर्मा पत्नी राम इकबाल शर्मा का बैनामा अपलोड हो सका, जिसके बाद किसी तरह एक बैनामा पूरा हुआ। बाकी चार बैनामाधारक निराश होकर अगले दिन की आस में लौट गए। इससे न सिर्फ लोगों की परेशानी बढ़ी, बल्कि विभाग को भी राजस्व नुकसान उठाना पड़ा। मामले में बेल्थरारोड निबंधन कार्यालय के प्रभारी सब रजिस्ट्रार मुकेश कुमार गौतम ने सफाई देते हुए कहा कि फर्जी बैनामों पर लगाम कसने के लिए विभाग ने डिजिटल सिस्टम को अपडेट किया है। अब आधार कार्ड मैपिंग के साथ ही पंजीकरण होगा, जिससे आगे चलकर फर्जीवाड़े में बड़ी कमी आएगी। दिनभर चले इस तकनीकी संघर्ष के दौरान रजिस्ट्री कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर मनोज कुमार, अमरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गप्पू भाई, अधिवक्ता राजीव रतन गांधी समेत कई लोग मौजूद रहे।



