बेल्थरारोड में बनेगा ‘अंबेडकर अमृत सरोवर’
41.90 लाख की लागत से शुरू हुआ निर्माण कार्य

बेल्थरारोड में बनेगा ‘अंबेडकर अमृत सरोवर’, 41.90 लाख की लागत से शुरू हुआ निर्माण कार्य
बलिया। बेल्थरारोड नगर को जल्द ही एक और सुंदर और उपयोगी जलस्रोत की सौगात मिलने जा रही है। नगर के वार्ड नंबर-1 स्थित श्याम सुंदरी इंटर कॉलेज के पास नगरीय झील-तालाब-पोखर संरक्षण योजना के अंतर्गत ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर अमृत सरोवर’ का निर्माण शुरू हो गया है। इस परियोजना पर कुल 41.90 लाख रुपये की लागत आएगी, जिसके सापेक्ष शासन द्वारा पहली किस्त के रूप में 25 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।
राशि जारी होने के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। सोमवार को अपराह्न 3 बजे नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि दिनेश गुप्ता ने सभासदों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
करीब 12 डिसमिल क्षेत्रफल में विकसित होने वाले इस पोखरे को भू-माफियाओं की नजर से बचाने के लिए प्रशासनिक सहयोग से नापी कर खूंटा लगवाया गया है। इसके बाद जेसीबी मशीन से खुदाई का कार्य तेज़ी से कराया जा रहा है। परियोजना को लगभग पांच माह में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अंबेडकर अमृत सरोवर के सौंदर्यीकरण के तहत पाथवे, सीढ़ियों का निर्माण, स्टील रेलिंग, बैरिकेटिंग तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। इसके निर्माण से न केवल नगर की सुंदरता में इजाफा होगा, बल्कि जल संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी और स्थानीय जलस्त्रोत को नया जीवन मिलेगा।
इस अवसर पर सभासद दानिश आफताब, राममनोहर गांधी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुणकांत तिवारी, गोरख जायसवाल उर्फ गुड्डू सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।



