बेल्थरारोड तहसील निरीक्षण में एक्शन में दिखे बलिया डीएम
भूअभिलेख में तहसील की भूमि को उसके नाम करने का दिया निर्देश

बलिया: बलिया डीएम मंगल प्रसाद सिंह ने गुरुवार को बेल्थरारोड तहसील का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम पूरी तरह से एक्शन में दिखे। शाम 4 बजे तहसील पर पहुंचते ही एसडीएम शरद चौधरी ने अधिकारियों के साथ उनका स्वागत किया। औपचारिक वार्ता के बाद डीएम ने तहसील के सभी बंद कमरों, शौचालय, रजिस्ट्री कार्यालय, रिकॉर्ड रूम, निर्वाचन समेत सभी कार्यालयों के अभिलेखों एवं रख रखाव का अवलोकन किया।
तहसील परिसर में वादकारी एवं अधिवक्ता हित में डीएम ने तहसील के कार्यालय एवं कमरों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। भूअभिलेख में तहसील की भूमि अब तक श्रम नियोजन के नाम होने पर हैरानी जताई और तत्काल तहसील भूमि को भू अभिलेख में उसके नाम करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल्द ही तहसील में बंद पड़े शौचालय को चालू करवाने के निर्देश दिए। रजिस्ट्री कार्यालय को तहसील से बाहर शिफ्ट करने और अन्य आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मौके पर न्यायिक एसडीएम अभिनेंद्र सिंह, तहसीलदार अजीत सिंह, नायब तहसीलदार रोशन सिंह, बीडीओ फैसल आलम, एडीओ पंचायत मनोज सिंह समेत अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं अधिवक्ता मौजूद रहें।



