दोथ में चाकू से हमला, पूर्व फौजी अमरेश की मौत, भाई मंजेश BHU रेफर
गाली-गलौज का विरोध करने पर पाटीदारों पर हमले का आरोप, तीन हिरासत में, दो की तलाश में तीन टीमें

दोथ में चाकू से हमला, पूर्व फौजी अमरेश की मौत, भाई मंजेश BHU रेफर
गाली-गलौज का विरोध करने पर पाटीदारों पर हमले का आरोप, तीन हिरासत में, दो की तलाश में तीन टीमें
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव में गुरुवार रात गाली-गलौज का विरोध करने पर दो सहोदर भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल अमरेश बहादुर सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह को तत्काल सीयर सीएचसी ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए मऊ रेफर किया गया। इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मंजेश को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमरेश और मंजेश के पाटीदार रामकरण सिंह किसी बात को लेकर गाली-गलौज कर रहे थे। दोनों भाई उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान रामकरण सिंह और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर दोनों भाइयों से मारपीट कर चाकू से हमला करने का आरोप है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक अमरेश की पुत्री की तहरीर पर नामजद पांच आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटना में संलिप्त बताए जा रहे तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था कायम है। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी है।






