big breakingअन्यउत्तरप्रदेशबलियाराजनीतिलाइफस्टाइल

विधायक गोरख पासवान बोले: “बेटियां राजनीति का विषय नहीं, सम्मान का प्रतीक हैं”

अखिलेश यादव की पुत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी से आहत हुए पूर्व विधायक गोरख पासवान

R News Manch

अखिलेश यादव की पुत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी से आहत हुए पूर्व विधायक गोरख पासवान, बोले: “बेटियां राजनीति का विषय नहीं, सम्मान का प्रतीक हैं”

बलिया: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री को लेकर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर भाजपा नेता एवं बेल्थरारोड के पूर्व विधायक गोरख पासवान ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।
गोरख पासवान ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र की खूबसूरती हैं, लेकिन जब राजनीति की लड़ाई किसी की बेटी, बहन या परिवार तक पहुंच जाती है तो यह केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज के संस्कारों का अपमान बन जाता है। उन्होंने कहा कि बेटियां किसी दल या विचारधारा की नहीं होती, वे पूरे समाज के सम्मान और स्वाभिमान की प्रतीक होती हैं।
उन्होंने कहा कि “राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी बेटी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है। यह हमारी संस्कृति, हमारी सभ्यता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। विचारों से लड़िए, नीतियों पर बहस कीजिए, लेकिन परिवार और बेटियों को राजनीति का हथियार मत बनाइए।”
पूर्व विधायक ने कहा कि समाज को ऐसी मानसिकता के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर बढ़ती अमर्यादित भाषा पर चिंता जताते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ किसी की गरिमा को ठेस पहुंचाना नहीं है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर कठोर संदेश जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति राजनीतिक द्वेष में सामाजिक मर्यादाओं को लांघने का साहस न कर सके।
उन्होंने अंत में कहा, “राजनीति आएगी-जाएगी, सरकारें बनेंगी-बिगड़ेंगी, लेकिन हमारी बेटियों का सम्मान हर परिस्थिति में सर्वोपरि रहना चाहिए।


R News Manch

Related Articles