big breakingअन्यउत्तरप्रदेशबलियामऊ

पदारथपुर में 132 केवीए पारेषण सब स्टेशन का ऊर्जा मंत्री ने किया शिलान्या

बलिया-मऊ के 3 लाख लोगों को मिलेगी निर्बाध बिजली

R News Manch

पदारथपुर में 132 केवीए पारेषण सब स्टेशन का शिलान्यास, बलिया-मऊ के 3 लाख लोगों को मिलेगी निर्बाध बिजली

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा बोले – “78 साल में जो नहीं हुआ, उसे 8 माह में पूरा करें”, विरोधियों को भी दी चेतावनी

बलिया/मऊ: बेल्थरारोड तहसील से सटे मऊ जनपद के पदारथपुर गांव में रविवार को प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने 61.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 132/33 केवीए पारेषण विद्युत सब स्टेशन का शिलान्यास किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से बलिया के बेल्थरारोड क्षेत्र और मऊ के मधुबन इलाके की करीब 3 लाख आबादी को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

ऊर्जा मंत्री ने भाजपा नेता राष्ट्रकुंवर सिंह एवं फतेहपुर मंडाव के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण प्रकाश सिंह के साथ विधिवत भूमि पूजन कर बटन दबाकर परियोजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि, “जो कार्य 78 वर्षों में नहीं हो पाया, उसे अब 8 माह में पूरा करना है।” उन्होंने गुणवत्ता के साथ समयसीमा के भीतर परियोजना पूरी करने पर जोर दिया। मंत्री ने भूमि उपलब्ध कराने वाले किसानों और परियोजना से जुड़े अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपकेंद्र क्षेत्र के विकास की नई आधारशिला साबित होगा।

उन्होंने बताया कि मऊ जनपद में यह दूसरा 132/33 केवीए पारेषण उपकेंद्र होगा। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक 100 नए पारेषण उपकेंद्र बनाए जा चुके हैं, जिससे प्रदेश में इनकी संख्या बढ़कर लगभग 400 हो गई है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि सोनभद्र में प्रदेश का चौथा और सबसे बड़ा 765 केवीए विद्युत केंद्र भी जल्द स्थापित किया जाएगा।

मुख्य अभियंता पारेषण उत्तर-पूर्वी गोरखपुर पुनीत गुप्ता ने बताया कि नए सब स्टेशन के शुरू होने के बाद बलिया के अवाया, पशुहारी उपकेंद्र, तुर्तीपार पंप कैनाल तथा मऊ के मोलनापुर, बेलौली और मधुबन समेत कई क्षेत्रों के करीब 35 हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। अब तक इन इलाकों में 35 से 40 किलोमीटर दूर से बिजली आपूर्ति होती थी, लेकिन नए उपकेंद्र के बाद यह दूरी घटकर 15 से 20 किलोमीटर रह जाएगी। इससे लोकल फॉल्ट दूर करने में आसानी होगी और बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर व सुचारु हो सकेगी।

कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री विपक्ष पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि “शिलान्यास रोकने और धमकी देने वालों को अब आंखें खोलकर देख लेना चाहिए कि प्रदेश में योगी सरकार है। आज शिलान्यास हुआ है, जल्द उद्घाटन भी होगा।” उन्होंने कहा कि वे “सिर्फ अपनी अंतरात्मा और महादेव से डरते हैं।”

भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाने के आरोपों पर मंत्री ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि “जो लोग साजिशपूर्ण राजनीति कर रहे हैं, वे सुधर जाएं, नहीं तो दोहरीघाट से भी बुरा हाल होगा।” साथ ही उन्होंने क्षेत्र के पिछड़ेपन के लिए पूर्व की गैर-भाजपा सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए सपा और कांग्रेस पर विकास रोकने का आरोप लगाया।

भाजपा नेता राष्ट्रकुंवर सिंह ने इस विद्युत उपकेंद्र के शिलान्यास को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया, जबकि प्रवीण प्रकाश सिंह ने कहा कि अब आंधी-तूफान के बाद कई दिनों तक बिजली बाधित रहने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार पांडे, अधीक्षण अभियंता केशव देव, अधिशासी अभियंता नरेश कुमार, अमित कुमार, एसडीओ अनिल कुमार, नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि दिनेश गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुणकांत तिवारी, प्रधान प्रतिनिधि राममनोहर गांधी समेत बड़ी संख्या में बलिया और मऊ के लोग मौजूद रहें।


R News Manch

Related Articles