लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल का शानदार प्रदर्शन
अंशिका उपाध्याय ने 95% अंक के साथ किया टॉप

लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल का शानदार प्रदर्शन, अंशिका उपाध्याय ने 95% अंक के साथ किया टॉप
बलिया। सीबीएसई 12वीं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में किड़ीहरापुर स्थित लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की छात्रा अंशिका उपाध्याय ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया।
विद्यालय के कुल परीक्षा परिणाम में 7 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 17 छात्र-छात्राओं ने 85 प्रतिशत से ऊपर अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा 22 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक तथा 21 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से ऊपर अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया।
विद्यालय निदेशक मुरलीधर यादव ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली पहचान हैं। वहीं विद्यालय प्रबंधक गिरधर यादव ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईमानदारी और मेहनत के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
प्रधानाचार्या दीपा पाल ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता शिक्षकों, अभिभावकों और छात्रों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। परीक्षा परिणाम आने के बाद विद्यालय परिवार ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई तथा सफल विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया।




