बेल्थरारोड सेंट जेवियर्स में पुरातन छात्रों के मिलन से भावुक हुआ विद्यालय परिसर
एक छत के नीचे जुटे 1993 से 2015 बैच के पूर्व विद्यार्थी, गुरुजनों से मिलकर छलकीं खुशियां
बेल्थरारोड सेंट जेवियर्स में लौटा बचपन, पुरातन छात्रों के मिलन से भावुक हुआ विद्यालय परिसर
एक छत के नीचे जुटे 1993 से 2015 बैच के पूर्व विद्यार्थी, गुरुजनों से मिलकर छलकीं खुशियां
बलिया: वक्त बदला, जिंदगी की राहें बदलीं और विद्यार्थी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल करने लगे, लेकिन स्कूल, दोस्तों और गुरुजनों से जुड़ी यादें आज भी दिलों में जीवंत हैं। बुधवार को बेल्थरारोड के पिपरौली बड़ागांव स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित सेतु एलुमनाई मीट-2026 में ऐसा ही भावुक नजारा देखने को मिला। वर्ष 1993 से 2015 तक विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर चुके पुरातन छात्र-छात्राएं वर्षों बाद अपने पुराने परिसर में एकत्र हुए तो पूरा विद्यालय बचपन की यादों और आत्मीयता से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ डायरेक्टर डॉ. जे.आर. मिश्र, प्रिंसिपल श्रीमती शिला मिश्र और पुरातन छात्र सच्चिदानंद ने दीप प्रज्वलित कर किया। सभी पूर्व विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार ने आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान डायरेक्टर डॉ. जे.आर. मिश्र पुराने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने विद्यालय के 34 वर्षों के शैक्षणिक सफर की यादें साझा करते हुए कहा कि किसी संस्थान की असली पहचान उसके सफल और संस्कारवान विद्यार्थी होते हैं। प्रिंसिपल श्रीमती शिला मिश्र भी पुराने छात्रों को अपने बीच पाकर भावुक हो गईं। उन्होंने सफलता का मंत्र बताते हुए कहा कि अपनी जड़ों से जुड़ाव, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही जीवन में आगे बढ़ने का आधार हैं।
समारोह की थीम ‘रियूनियन-रेमिनिसेंस-सेलिब्रेशन’ यानी मिलन, पुरानी यादों का पुनर्जीवन और उत्सव रही। पुराने क्लासरूम, दोस्तों की शरारतें और शिक्षकों की सीख के किस्से फिर ताजा हुए। चिकित्सा, इंजीनियरिंग, डॉक्टर, इनकम टैक्स ऑफिसर, कृषि अधिकारी सहित विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाले पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और गुरुजनों से आशीर्वाद लिया। विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बनाया। संचालन जयश्री मिश्रा ने किया।
समारोह में पुरातन छात्र के रूप में प्रियदर्शन तिवारी, पंकज, सच्चिदानंद, वैभव तिवारी, देवेश पांडेय, आयशा, शबा, दिव्या मिश्रा, अनूप यादव, गौरव, गौतम, शक्ति सिंह, शिवाजी सिंह, डॉ. अभिषेक, अंकित गुप्ता, गौरव जायसवाल, हर्ष गुप्ता, सुमित वर्मा, सैयद नाजिम, नितेश यादव, डॉ. रतन, अमित गुप्ता, आशीष गुप्ता, मोहम्मद साजिद और राकेश रंजन सिंह ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पुरानी यादें साझा करते हुए आयोजन पर प्रसन्नता जताई। पूर्व छात्रों ने कहा कि केवल पद, धन और प्रतिष्ठा हासिल करना ही सफलता नहीं, बल्कि दूसरों के लिए मदद और भरोसे का सहारा बनना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने ऐसे आयोजन प्रत्येक पांच वर्ष पर कराने की अपील भी की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक के.के. मिश्र, डायरेक्टर डॉ जेआर मिश्र, सेंट जेवियर्स किड्स स्कूल की प्रिंसिपल जयश्री मिश्रा, वाइस प्रिंसिपल तनवीर फातमा, शिक्षक अरुण यादव, बबलू सर, दिनेश जी, खुशबू पांडे, जया मैम, आकांक्षा, जाबिर खान, शिवानंद, हाफ़ी जी, अरविंद कुमार, कमलेश यादव, हेमंत भारद्वाज, संदीप तिवारी, प्रमोद पाण्डेय, मृत्युंजय सर, महिमा मैम, अंजू, श्रेया, नीति, नीलम मैम, अर्चना, प्रांजलि, आकांक्षा, अरीबा, आरजू, निगम मैम सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
यह आयोजन महज पुरातन छात्रों का मिलन नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य के अटूट रिश्ते, पुरानी दोस्ती और विद्यालय से मिले संस्कारों का उत्सव बन गया। समारोह ने संदेश दिया कि जिंदगी में मंजिलें कितनी भी बड़ी क्यों न हो जाएं, अपनी जड़ों, गुरुजनों और उन रिश्तों से जुड़े रहना ही जीवन की असली पूंजी है।















