बेल्थरारोड में महिला से बदसलूकी और पति से मारपीट का आरोप
उभांव थाना पुलिस से पांच पर कार्रवाई की मांग

बेल्थरारोड में महिला से बदसलूकी और पति से मारपीट का आरोप, उभांव थाना पुलिस से पांच पर कार्रवाई की मांग
बलिया: उभांव थाना क्षेत्र के बीबीडी मार्केट में दुकान का सीसीटीवी कैमरा तोड़ने, दुकान में ताला लगाने, पति से मारपीट और महिला से बदसलूकी करने का आरोप लगा है। उभांव थाना के बिठुआ गांव निवासी ज्योति सिंह ने मार्केट मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार घटना 20 सितंबर के सुबह करीब 11 बजे की है। आरोपितों ने उनके पति अभिषेक मद्धेशिया के साथ मारपीट की। विरोध करने पर महिला को भी गाली देते हुए कार्यालय में बंद कर बदसलूकी की गई। महिला ने विपक्षी पर कपड़े फाड़ने की कोशिश और दुष्कर्म की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि दोनों को कई घंटे बंधक बनाकर डराने-धमकाने के बाद जबरन समझौता पत्र लिखवाया गया और मोबाइल से वीडियो बनाया गया। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



