
बलियाः मिशन 2022 के तहत जनपद बलिया के बेल्थरारोड विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार जनमत मजबूत करने में लगा है। पार्टी से नाराज चल रहे निर्दल ब्लाक प्रमुख आलोक सिंह को भाजपा प्रत्याशी छट्ठू राम शनिवार को मनाने में सफल हो गए। भाजपा के की-वोटर विनय सिंह के अगुवाई में शनिवार को पूर्णिया बिहार के भाजपा विधायक विजय खेमका, प्रत्याशी छट्ठू राम, भाजपा नेता जगदीश कुशवाहा, लोहा सिंह, मंडल अध्यक्ष सतीश गुप्ता, रणजीत कुशवाहा, पंकज मिश्र समेत अनेक भाजपा नेता मुजौना गांव पहुंचे। जहां सीयर ब्लाक प्रमुख के फार्म हाउस पर भाजपा ने ब्लाक प्रमुख आलोक सिंह संग मिलकर गिले शिकवे दूर किया और भाजपा को मजबूत करने की अपील की। जिसे स्वीकार करते हुए आलोक सिंह ने भी पार्टी को जीताने और प्रदेश में फिर से योगी सरकार बनाने का संकल्प लिया। ब्लाक प्रमुख आलोक सिंह के साथ अनेक बीडीसी और प्रधान भी भाजपा में शामिल हुए। जिसके बाद जयश्रीराम का नारा लगाते हुए ब्लाक प्रमुख के साथ भाजपा नेताओं ने पूरे तुर्तीपार, मुजौना गांव का भ्रमण किया और लोगों से बीजेपी को मजबूत करने की अपील की।

ब्लाक प्रमुख चुनाव में टिकट न मिलने से पार्टी से नाराज चल रहे थे आलोक सिंह
सीयर ब्लाक प्रमुख चुनाव में मजबूत दावेदारी के बावजूद पार्टी द्वारा टिकट न मिलने से नाराज आलोक सिंह ने निर्दल ही ताल ठोंककर शानदार जीत दर्ज किया था और भाजपा प्रत्याशी प्रत्याशी को चुनाव में करारा हार का सामना करना पड़ा था। 118 बीडीसी वाले सीयर ब्लाक में आलोक सिंह ने निर्दल ही एकतरफा जीत दर्ज किया था। तब से ही आलोक सिंह भाजपा के बड़े नेताओं के संपर्क में तो लगातार थे किंतु क्षेत्रीय भाजपा नेताओं और पार्टी गतिविधियों से पूरी तरह दूरी बना चुके थे। जिसके कारण कई भाजपा नेता पूर्व में भी प्रमुख को मनाने का प्रयास कर चुके थे किंतु शनिवार को भाजपा प्रत्याशी ने पार्टी पक्ष में एक बड़ी सफलता पाते हुए ब्लाक प्रमुख को मनाने में सफल हो गए।





