
बलियाः साइबर क्राइम के बढ़ते जाल के कारण खाताधारक के घर बैठे बैंक एकाउंट से पैसे गायब होने की घटनाएं लगातार हो रही है। साथ ही धोखाधड़ी के पीड़ितों के साथ साइबर सेल और पुलिस प्रशासन की बेपरवाही भी कम नहीं। उभांव थाना क्षेत्र में बैंक खाता से धोखाधड़ी कर दो बैंक खातों से करीब 40 हजार रुपया निकालने के मामले में पुलिस ने 10 महीने बाद मुकदमा दर्ज किया है। 88 वर्षीय वयोवृद्ध पूजन चैहान को बेल्थरारारोड स्टेट बैंक और बैंक आॅफ बड़ौदा के खाते से सितंबर 2021 में ही 10, 10 हजार कर चार बार में 40 हजार रुपया आनलाइन निकाल लिया गया।
सितंबर 2021 में निकला पैसा, जनवरी 2022 में शिकायत और जुलाई में हुआ मुकदमा
खाताधारक पूजन चैहान ग्राम बासपार बहोरवां गांव निवासी जनवरी 2022 में जब बैंक में पैसा निकालने पहुंचे तो बैंक मैनेजर ने खाता में पैसा न होने की बात कही। छानबीन में पता चला कि दोनों एकाउंट से 16, 16 और 17 सितंबर 2021 में चार बार में 40 हजार रुपया निकाल लिया गया है। पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना उभांव पुलिस को दी और बलिया साइबर सेल को भी लिखित तहरीर दिया किंतु पुलिस ने पुराना मामला बताकर हाथ खड़ा कर दिया। बैंकों के भागदौड़ के बाद जब पीड़ित ने किसी जनसेवाकेंद्र की मदद से आनलाइन शिकायत की तो उभांव पुलिस ने अब मामले के करीब 10 माह बाद अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ भादवि की धारा 419, 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित 88 वषीर्य पूजन चैहान ने बताया कि वे कभी भी एटीएम और चेकबुक तक का प्रयोग नहीं किया है। जरुत के अनुसार वे स्वयं ही बैंक से निकासी फार्म के माध्यम से पैसा निकालते रहे है।




