
बलियाः डीआईओएस रमेश सिंह के निर्देश पर डीएवी इंटर कालेज के प्रबंधक अब रितेश कुमार हो गए है। रितेश कुमार के हस्ताक्षर को बलिया डीआईओएस ने प्रमाणित कर दिया है। जिसके बाद लंबे समय की प्रबंधकीय जंग में हेमकर बंधुओं को बड़ा झटका लग गया है। लंबे समय से विवादित रहे निवर्तमान प्रबंधक अनूप कुमार हेमकर का पांचवी बार प्रबंधक बनने का सपना टूट गया। वहीं इनके चचेरे भाई मोहन सिंह वर्मा की तरफ से भतीजे यशवीर सिंह रिंकू भी प्रबंधक की जंग लड़ते रहे है।

महाराष्ट्र से बीफार्मा है नए प्रबंधक
डीएवी इंटर कालेज के नए प्रबंधक रितेश कुमार महाराष्ट्र के नागपुर विश्वविद्यालय से बैचलर आफ फार्मेसी कर चुके है। वे क्षेत्र के बड़े कारोबारी है। जिनका सन 2003 से ही वाद न्यायालय में चल रहा था।

डीआईओएस के नए फैसले से कालेज में हड़कंप
निवर्तमान कालेज प्रबंधक के हनक से अक्सर सकते में रहने वाले डीएवी इंटर कालेज के शिक्षकों और कर्मचारियों में भी हड़कंप सा मचा हुआ है। कालेज के नए प्रबंधक रितेश कुमार के बनने की सूचना से कालेज में कहीं खुशी, कहीं गम सा माहौल है। पुराने प्रबंधक के कठपुतली की तरह कार्य करने वाले कर्मचारी सबसे ज्यादा सहमे हुए है। जिन्हें नए प्रबंधक के कोपभाजन का सबसे ज्यादा खौफ सता रहा है। हालांकि नए प्रबंधक का कालेज संचालन को लेकर क्या रुख होगा, यह अभी भविष्य के गर्त में है। फिलहाल कालेज प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
रितेश कुमार के पिता हुकुमचंद्र जायसवाल भी रहे है कालेज प्रबंधक
डीएवी इंटर कालेज के नए प्रबंधक हुए रितेश कुमार के पिता हुकुमचंद्र जायसवाल भी पूर्व में प्रबंधक रह चुके है। वे सन 1997 से 2002 तक कालेज के निर्विवाद प्रबंधक थे। बाद में अनूप हेमकर को प्रबंधकी जंग में जीत मिली और वे 2003 से लगातार 2021 के बीच में लगभग 15 वर्ष तक कालेज के प्रबंधक बने रहे। इस बीच कुछ सालों तक विभागीय और न्यायिक जांच के विवाद में उनका हस्ताक्षरण प्रमाणित नहीं हो सका था।




