लगातार दूसरे दिन भी खतरा निशान से ऊपर रही सरयू
चार घंटे में एक सेंटीमीटर बढ़ रही नदी

बलियाः सरयू नदी का जलस्तर लगातार दूसरे दिन भी खतरा निशान से ऊपर रहा। मंगलवार को दोपहर चार बजे सरयू का जलस्तर 64.190 मीटर दर्ज किया गया। जो खतरा निशान से 18 सेंटीमीटर ऊपर है। नदी के जलस्तर में धीमी गति से बढ़ोतरी जारी है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार तुर्तीपार डीएसपी हेड पर चार घंटे में एक सेंटीमीटर की रफ्तार से नदी में बढ़ाव जारी है।
एक सप्ताह में दूसरी बाद खतरा निशान के पार पहुंची सरयू
बेल्थरारोड में सरयू नदी के जलस्तर का खतरा निशान 64.010 मीटर दर्ज है। जिसे एक सप्ताह में नदी दूसरी बार पार कर चुकी है। पिछली बार नदी का जलस्तर 24 घंटे में ही खतरा निशान को छूकर वापस लौट गई थी। जबकि इस बार लागातर दूसरे दिन भी खतरा निशान के ऊपर जलस्तर में बढ़ाव जारी है। जिससे तटवर्ती इलाकों में हड़कंप मचा हुआ है। एसडीएम राजेश गुप्ता दलबल के साथ लगातार नदी किनारे तटवर्ती क्षेत्र पर नजर बनाएं हुए है। यहां संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए बाढ़ चैकियां सक्रिय है।

नदी किनारे बाढ़ की आशंका से बढ़ा दहशत
ऐसे में बाढ़ की आशंका को लेकर तटवर्ती दर्जनों गांव के लोग दहशत में हैं। हाहानाला से टगुनिया, चैनपुर, गुलौरा, मठिया, खैरा खास, तुर्तीपार, मुजौना, हल्दीरामपुर किनारे नदी का पानी फैल गया है। टगुनिया के राजभर बस्ती से सटकर नदी का पानी बह रहा है। हाहानाला, तुर्तीपार और हल्दीरामपुर रेगुलेटरों पर पानी का दबाव बढ़ गया है। कई गांव पानी से घिर गए हैं। रिहायशी इलाकों की ओर पानी बढ़ रहा है। जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला जारी रहने से तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों के होश उड़ गए हैं तथा वे सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी कर रहे हैं। अगले कुछ दिनों तक जलस्तर में वृद्धि का क्रम हुआ तो लोगों को बाढ़ की विभीषिका का सामना करना पड़ सकता है।




