अमृत सरोवरः पोखरा सुंदरीकरण के लिए मनरेगा कमिश्नर और चेयरमैन ने चलाया फावड़ा
भूमि पूजन के बाद शुरू हुआ जीर्णोद्धार

बलियाः जनपद बलिया के सीयर ब्लॉक के ससना बहादुरपुर गांव में विशाल पोखरा के सुंदरीकरण के लिए मंगलवार को मनरेगा कमिश्नर एचसी प्रजापति और नपं चेयरमैन दिनेश गुप्ता ने संयुक्त रुप से फावड़ा चलाया। जिसके बाद यहां प्रधान बालदेव यादव के देखरेख में करीब 38.30 लाख से बन रहे पोखरा का निर्माण कार्य शुरु हो गया। इसके पूर्व पोखरा के पास अधिकारियों और नेताओं द्वारा विधिवत भूमि पूजन किया गया। प्रधान प्रतिनिधि रमाशंकर यादव उर्फ बाउल ने बताया कि गांव में मनरेगा से बन रहे पोखरा के चारों तरफ टहलने के लिए सड़क और लाइट और पाम का पौधा लगाया जायेगा। कार्यक्रम में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के बावजूद सांसद रविंद्र कुशवाहा के न आने पर प्रधान और ग्रामिणों ने नाराजगी जताई। इस दौरान जिप सदस्य जनार्दन सिंह यादव, सीयर बीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, एपीओ कामेश्वर सिंह, एडीओ आईएसबी मृत्युंजय राय, मिट्ठू सिंह, मुक्तेश्वर सिंह चुन्नू, वंशीधर यादव, विनय यादव, कल्याण सिंह, रविंद्र यादव, कुंवर बहादुर सिंह झाबर समेत अनेक प्रधान और ग्रामीण मौजूद रहे।

नहीं पहुंचे सांसद, प्रधान प्रतिनिधि ने जताई नाराजगी
सीयर ब्लॉक के ससना बहादुरपुर गांव में अमृत सरोवर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सलेमपुर सांसद रविंद्र कुशवाहा का कार्यक्रम तय था किंतु जब सांसद दोपहर बाद तक नही पहुंचे तो प्रधान प्रतिनिधि रमाशंकर यादव उर्फ बाउल ने नाराजगी जताई। कहा कि गंवई राजनति का कारण सांसद का कार्यक्रम में न आना जनता का अपमान है। जबकि सांसद जी ने स्वयं कार्यक्रम के लिए समय दिया था।




