सोनाडीह मेला में उमड़ी आस्था की ऐतिहासिक भीड़, कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं का तांता
चैत्र रामनवमी से शुरू हुआ मेला 15 अप्रैल तक चलेगा


सोनाडीह मेला में उमड़ी आस्था की ऐतिहासिक भीड़, कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं का तांता






चैत्र रामनवमी से शुरू हुआ मेला 15 अप्रैल तक चलेगा, पहले तीन दिनों में 80 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया दर्शन
बलिया: बेल्थरारोड तहसील के विख्यात सोनाडीह स्थित प्राचीन मां भगवती परमेश्वरी मंदिर परिसर में लगने वाला प्रसिद्ध सोनाडीह मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। चैत्र रामनवमी के अवसर पर शुरू हुए इस पारंपरिक मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए दूर-दराज के गांवों और जिलों से श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं।
क्षेत्रीय मान्यता के अनुसार इस मेले में किसी भी प्रकार का व्यवधान डालने वालों को माता रानी के प्रकोप का सामना करना पड़ता है। यही वजह है कि श्रद्धालु पूरे श्रद्धा और अनुशासन के साथ मेले में शामिल होते हैं। यहां आस्था और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
इस वर्ष मेले में अप्रत्याशित और ऐतिहासिक भीड़ देखने को मिल रही है। पहले दिन करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में मत्था टेका, जबकि दूसरे और तीसरे दिन भी श्रद्धालुओं की संख्या 25-25 हजार के पार पहुंच गई। अनुकूल मौसम, बेहतर सड़क संपर्क और इस समय लगन तथा फसल कटाई का दबाव कम होने के कारण बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंच रहे हैं। इस बीच आई आंधी और बारिश का भी मेले की रौनक पर कोई खास असर नहीं पड़ा।
मेले की व्यवस्था थाना प्रभारी निरीक्षक उभांव संजय शुक्ला और मेला इंचार्ज सुधीर चौहान के निर्देशन में मेला व्यवस्थापक डॉ. अच्युत प्रताप सिंह उर्फ सन्नी सिंह की निगरानी में संचालित हो रही है। मेला परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
मेला व्यवस्थापक डॉ. अच्युत प्रताप सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेले में दो बड़े मूविंग सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि मंदिर परिसर के आसपास पांच अन्य कैमरे भी संचालित किए जा रहे हैं। इस वर्ष मेला प्रतिदिन रात 10 बजे तक संचालित हो रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत डेढ़ सेक्शन पीएसी, फायर सर्विस की एक छोटी गाड़ी, दो महिला सिपाही, दो महिला पीआरडी, आठ सिपाही और सात उपनिरीक्षक समेत कुल 22 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा उभांव थाना पुलिस भी लगातार गश्त कर रही है।
मेले में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिल रहा है। खासकर धोबऊ मृदंग नाच, झाल और ढोलक की धुन श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
26 मार्च से 15 अप्रैल तक चलेगा मेला
सोनाडीह का यह पारंपरिक मेला 26 मार्च से शुरू होकर 15 अप्रैल तक चलेगा। आयोजकों के अनुसार मेले में प्रतिदिन 20 से 30 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पूरे क्षेत्र में मेले को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।



