सेंट जेवियर्स स्कूल में रोबोटिक एआई लैब का एसडीएम ने किया उद्घाटन
मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह

रोबोटिक एआई लैब का एसडीएम ने किया उद्घाटन, सेंट जेवियर्स में मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह





जूनियर टॉपर आयुष यादव व सीनियर टॉपर प्रगति गोयल को 5100 रुपये का चेक, मेडल और प्रमाणपत्र; बेस्ट कैप्टन मयंक पांडे व शिक्षक दीपक भी सम्मानित
बलिया (बेल्थरारोड): स्थानीय सेंट जेवियर्स स्कूल में मंगलवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम वितरण समारोह और पीटीएम (प्राइज डिस्ट्रीब्यूशन मीट) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्रों, शिक्षकों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छात्रों की उपलब्धियों और विद्यालय की नई पहल के रूप में स्थापित रोबोटिक एआई लैब विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
समारोह के मुख्य अतिथि बेल्थरारोड के एसडीएम शरद चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में नवस्थापित रोबोटिक एआई लैब का एसडीएम शरद चौधरी ने फीता काटकर उद्घाटन किया तथा लैब का निरीक्षण करते हुए इसकी आधुनिक सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज का दौर तकनीक और नवाचार का है, ऐसे में रोबोटिक और एआई जैसी अत्याधुनिक शिक्षा विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगी।

कार्यक्रम में विद्यालय के जूनियर वर्ग के टॉपर आयुष यादव और सीनियर वर्ग की टॉपर प्रगति गोयल को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। स्कूल के डायरेक्टर डॉ. जे.आर. मिश्र और प्रिंसिपल श्रीमती शिला मिश्र ने दोनों मेधावी छात्रों को 5100 रुपये का चेक, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके अलावा विद्यालय के अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के लिए बेस्ट कैप्टन का पुरस्कार मयंक पांडे को दिया गया। वहीं विद्यालय के एस्टर (ब्लू) हाउस को बेस्ट हाउस के रूप में सम्मानित किया गया। शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले शिक्षक दिनेश सर सहित कई विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
विद्यालय की छात्रा रिदम द्वारा स्कूल भवन की उत्कृष्ट पेंटिंग तैयार करने पर उसे बेस्ट क्रिएटर के पुरस्कार से नवाजा गया। कार्यक्रम के दौरान नर्सरी से कक्षा 9वीं तथा कक्षा 11वीं तक के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रैंकर्स विद्यार्थियों को भी मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि एसडीएम शरद चौधरी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी सौभाग्यशाली हैं कि उनके अभिभावक उनकी शिक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। अगर छात्र पूरी लगन से पढ़ाई करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. जे.आर. मिश्र ने कहा कि किसी भी छात्र की सफलता में शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, नैतिक मूल्यों और समग्र विकास के साथ आगे बढ़ाना है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और भी आकर्षक बना दिया। नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों को उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। पूरे समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी मेधावी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।








