
बलियाः देश को पीएम देने वाले बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र के तीन लाल अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र से 2022 के चुनाव में उतर गए है। इनमें एक सपा के चर्चित चेहरे है जयप्रकाश अंचल जो सपा से तीसरी बार बैरिया से नामांकन पत्र दाखिल कर चुनाव मैदान में है। जबकि बेल्थरारोड के मूल निवासी प्रवीण प्रकाश बसपा से बेल्थरारोड सुरक्षित सीट से दूसरी बार अपना भाग्य आजमा रहे है। वहीं बेल्थरारोड के चंदाडीह गांव के मूल निवासी पूर्व विधायक केदारनाथ वर्मा के भतीजे संजीव वर्मा इस बार बसपा से सिकंदरपुर से चुनाव मैदान में है। बिल्थरारोड के तीनों बेटे विधानसभा चुनाव मैदान में है और प्रमुख प्रतिद्वंदी को कड़ी चुनौती दे रहे है।


बेल्थरारोड में प्रवीण प्रकाश, बैरिया में जयप्रकाश अंचल, सिकंदरपुर से संजीव वर्मा है चुनाव मैदान में
जयप्रकाश अंचल 2012 में बैरिया से विधायक रहे है किंतु 2017 में उनको हार का सामना करना पड़ा। इस बार वे फिर से सपा से तीसरी बार चुनाव मैदान में है। बेल्थरारोड से प्रवीण प्रकाश 2012 के विधानसभा चुनाव में बेल्थरारोड में सुभासपा-कौमी एकता दल गठबंधन के प्रत्याशी थे। वे तीसरे नंबर थे और इस बार बसपा से बेल्थरारोड विधानसभा चुनाव से दूसरी बार चुनाव मैदान में उतरे है। जो चुनाव मैदान में मजबूती से मोर्चाबंदीकर रहे है। वहीं संजीव कुमार वर्मा पहली बार बसपा से सिकंदरपुर से चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे है। उनके चाचा केदारनाथ वर्मा पूर्व में भी सिकंदरपुर से चुनाव लड़ चुके है किंतु उन्हें बेल्थरारोड से 2007 के चुनाव में बसपा से ही सफलता मिली थी।



