बेल्थरारोड बसपा प्रत्याशी प्रवीण प्रकाश पर आचार संहिता उलंघन का मामला दर्ज
नगरा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, 107/116 की भी हुई कार्रवाई

बलियाः बेल्थरारोड विधानसभा के बसपा प्रत्याशी प्रवीण प्रकाश पर नगरा थाना पुलिस ने आचार संहिता उलंघन का मामला दर्ज किया है। हालांकि पुलिस मामले की पुष्टि करने से बच रही है। नगरा पुलिस ने मामले में भादवि की धारा 171 एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया है। उक्त कार्रवाई क्षेत्र के डिहवां गांव चट्टी पर बिजली के खंबे से टंगे भाजपा के चुनावी प्रचार संबंधित होर्डिंग को आधार बनाकर दर्ज किया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रवीण प्रकाश पूर्व में भाजपा से प्रत्याशी बनने हेतु टिकट के दावेदार थे और भाजपा के बड़े नेताओं के साथ इनका होर्डिंग टंगा है। बसपा प्रत्याशी प्रवीण प्रकाश को सीआरपीसी की धारा 107/116 में भी पाबंद किया है।
भाजपा के दबाव में नगरा पुलिस कर रही कार्रवाई, चुनाव आयोग से होगी शिकायत
बसपा प्रत्याशी प्रवीण प्रकाश ने नगरा पुलिस के इस कार्रवाई को सत्तापक्ष के दबाव में किया गया साजिश बताया। कहा कि चुनाव में उनके बढ़ते जनाधार से भाजपा घबरा गई है और पुलिस प्रशासन अब भी भाजपा के दबाव में काम कर रही है। जिसकी शिकायत वे सीधे चुनाव आयोग से करेंगे। उन्होंने फिर दावा किया कि बेल्थरारोड का जनमत उनके साथ है और भाजपा-सपा गठबंधन के प्रत्याशी हताश हो गए है। जिसके कारण भाजपा अब पुलिसिया कार्रवाई का सहारा लेकर दबाव बनाना चाहती है और क्षेत्र की जनता की आवाज कमजोर करना चाहती। इसकी शिकायत कर वे पुलिस अधिकारी के तबादलने की मांग करेंगे।




