सुरक्षित लौट आया बेल्थरारोड का राहुल, दोस्तों के हालात जान रहा परेशान
डाक्टर बनने के सपनों को यूक्रेन की आनलाइन क्लासेज से जुड़ेंगे छात्र

बलियाः यूक्रेन रसिया हालात को देखते हुए भारत द्वारा भारतीय छात्रों को यूक्रेन छोड़ने संबंधित जारी एडवाइजरी के अगले दिन ही परिजनों के दबाव के कारण बेल्थरारोड का राहुल कुमार सोनी स्वदेश लौट आया किंतु लगातार अपने दोस्तों के संपर्क में रहा। यूक्रेन में बिगड़े हालात के बीच फंसे दोस्तों की स्थिति जान राहुल सिहर सा गया। हालांकि भारतीय सरकार की सक्रियता से राहुल के अब सभी दोस्त शुक्रवार तक अपने अपने घर सुरक्षित लौट आएं है। राहुल ने अपने परिजनों की तत्परता और भारत सरकार की सक्रियता का आभार जताया कि वह समय रहते अपने घर लौट आया और बमबारी से बिगड़े हालात के बावजूद उसके सभी दोस्त अपने-अपने घर सुरक्षित लौट गए। राहुल ने बताया कि वह यूक्रेन के नेशनल पीराॅगाॅव मेमोरियल मेडिकल यूनिवर्सिटी विनित्सिया में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र है। वह 16 फरवरी 2021 को यूक्रेन गया था और बिगड़े हालात की सूचना पर 16 फरवरी 2022 को वापस लौटा। यहां एमबीबीएस के छात्रों के लिए शत फीसदी उपस्थिति अनिवार्य होती है। क्लासेज छूटने पर एक तो सिलेबस अधूरा रह जाता है। यूनिवर्सिटी द्वारा कई अतिरिक्त पूरक कार्य दिए जाते है और पैनाॅल्टी भी लगाया जाता है। जिसके कारण कोई भी छात्र एक भी क्लास छोड़ना नहीं चाहता किंतु बिगड़े हालात के कारण वहां आफलाइन क्लास बंद कर दिया गया और 18 फरवरी से 25 फरवरी तक आनलाईन क्लास चलाई गई। इसके बाद 13 मार्च तक क्लासेज क्लोज है। इसके बाद यूनिवर्सिटी ने स्थिति सामान्य होने पर अब पूरा एक सेमेस्टर आनलाइन क्लासेज ही करने की सूचना दी है।



