
बलियाः जनपद बलिया के बेल्थरारोड के ससना बहादुरपुर गांव स्थित एसएस बापू पाॅलिटेक्निक कालेज के 25 छात्रों का प्री कैंपस सलेक्शन हुआ है। पढ़ाई के साथ ही अंतिम वर्ष में विभिन्न बड़ी कंपनियों में नौकरी मिलने से छात्रों के चेहरे पर खुशी छा गई है। एमएमडी ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस के तहत संचालित कालेज के चेयरमैन प्रतिकराज सिंह ने जाॅब प्लेसमेंट के तहत इंजीनियर बनने वाले चयनित छात्रों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। साथ ही उन्होंने कालेज के छात्रों की इस सफलता में शिक्षकों के महत्वपूर्ण योगदान को भी सराहा। सत्र 2017-2019 बैच के कुल करीब 43 छात्रों में 25 का एकसाथ प्री कैंपस सलेक्शन होने से इनका बड़ी कंपनी में इंजीनियर बनना तय है। जिसके कारण यह कालेज अब पढ़ाई के साथ नौकरी मिलने की गारंटी देने वाला कैंपस हो गया है।
इन कंपनियों में इंजीनियर बन कार्य करेंगे एसएस बापू पाॅलिटेक्निक कालेज के छात्र
बेल्थरारोड के ससना बहादुरपुर गांव में संचालित एसएस बापू पाॅलिटेक्निक कालेज के प्रधानाचार्य प्रमोद गुप्ता और ट्रेनिंग प्लेसमेंट हेड आलोक श्रीवास्तव ने संयुक्त रुप से बताया कि कालेज के सभी चयनित छात्रों को बजाज मोटर हरिद्वार, सिविल टेक दिल्ली, सार्थक इलेक्ट्रिकल एंड सोलर साल्यूशन पावर गाजियाबाद, कृष्णा मारुती गुड़गांव, ई स्क्वायर होम्स और आटो मोन टेक्नालाजी गुजरात की कंपनी में जाॅब आफर हुआ है। सभी छात्रों ने जाॅब एक्सेप्ट कर लिया है। जबकि इनके अलावा दस अन्य इंजीनियरिंग छात्रों ने कंपनी से मिले जाॅब आफर को फिलहाल इग्नोर कर अपनी पढाई जारी रखने का निर्णय लिया है।




