मुंह बांध अज्ञात बदमाशों ने बेल्थरारोड चेयरमैन के पेट्रोल पंप पर किया हमला
पंपकर्मी को पीट 20 हजार लूटा

बलियाः उभांव थाना के अखोप गांव स्थित पेट्रोल पंप से सोमवार की शाम साढ़े पांच बजे के आसपास दर्जनभर अज्ञात बदमाशों ने गमछे से मुंह बांधकर एक पेट्रोलपंप पर अचानक हमला कर दिया और पेट्रोल पंपकर्मी कविंद्र यादव की पिटाई कर 20 हजार रुपए नगदी लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश निकल भागे। उक्त पेट्रोलपंप बेल्थरारोड के नगर पंचायत चेयरमैन और भाजपा नेता दिनेश गुप्ता के भतीजे अंशु गुप्ता का बताया जा रहा है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों को पता था कि पेट्रोलपंप पर चारों तरफ सीसी टीवी कैमरा है। इसलिए अधिकांश बदमाशों ने अपना मुंह बांध रखा था और पेट्रोलपंप के बाहर ही गाड़ी खड़ीकर पैदल पेट्रोल पंप के फिलिंग प्वाइंट तक पहुंचे और पेट्रोलपंप दे रहे फीलर कविंद्र यादव की पिटाई कर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से निकल भागे। घटना से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पूरी घटना सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले की लिखित सूचना उभांव थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।




