
बलियाः जनपद बलिया के उभांव थाना के अहिरौली ननौरा गांव में देर रात भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक संघर्ष हुआ। दोनों पक्ष से छ लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इनमें एक पक्ष से राम कुंवर सिंह, रंजना सिंह नागेंद्र सिंह मनीषा सिंह निखिल सिंह को उपचार के लिए सीयर सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि दूसरे पक्ष से गंभीर रूप से जख्मी चंद्रमा सिंह को उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दोनों पक्ष से 23 पर मुकदमा दर्ज
ननौरा गांव निवासी चंद्रमा सिंह और निखिल सिंह के बीच भूमि विवाद को लेकर कई महीनों से विवाद चल रहा था। मामले में बुधवार की शाम दोनों पक्ष आमने सामने हो गए और दो राउंड मारपीट हुआ। पूरे मामले में उभांव थाना पुलिस ने गुरुवार को दोनों पक्ष से कुल 23 लोगों के खिलाफ संबंधित आपराधिक धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दिया। ननौरा निवासी राम कुंवर सिंह के लिखित तहरीर पर पुलिस ने चंद्रमा सिंह समेत 19 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। जबकि दूसरे पक्ष के तेज नारायण सिंह के लिखित तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है।



