बेल्थरारोड अस्पताल गेट पर दवा दुकानों के लाइसेंस की जांच को आजमगढ़ से पहुंची टीम
तीन दवा दुकानों से लिए चार सेंपल, दवा दुकानदारों में मचा हड़कंप

बलियाः जनपद बलिया के बेल्थरारोड के सीयर अस्पताल गेट पर संचालित दवा दुकानों पर सोमवार को आजमगढ़ से पहुंची अधिकारियों की टीम के साथ एसडीएम राजेश गुप्ता और पुलिस प्रशासन ने अचानक छापेमारी की। इस दौरान अधिकारियों ने तीन दवा दुकानों से चार सेंपल लिए। जिससे दवा दुकानदारों में हड़कंप मच गया। हालांकि सोमवार बंदी के कारण अधिकांश दवा दुकानें पहले से ही बंद थी लेकिन बंदी के तहत लोकल टर्म के अनुसार यहां कुछ दुकानें ही खुली थी।

तीन दुकानों से लिए गए चार सेंपल
अधिकारियों ने फतेह बहादुर सिंह शिवशंकर मेडिकल स्टोर से एक, न्यू जायसवाल मेडिकल स्टोर से दो और विजय दवा केंद्र से एक समेत कुल चार सेंपल लिए। अधिकारियों ने इन दवा दुकानों के लाइसेंस की जांच भी की। सभी दुकानें लाइसेंसधारी पाएं गए। आजमगढ़ सहायक आयुक्त औषधी मनूशंकर के निर्देश पर बेल्थरारोड अस्पताल गेट पर संचालित दवा दुकानों के लाइसेंस की जांच के लिए बलिया, मऊ और आजमगढ़ के डीआई की टीम बनाई गई है। जांच के बाद बलिया डीआई श्रीद्धेश्वर शुक्ला ने बताया कि बेल्थरारोड अस्पताल गेट पर संचालित दवा दुकानों के लाइसेंस की जांच की गई है। सीयर सीएचसी अस्पताल गेट के सामने छापामारी में तीन दुकानें ही खुली मिली। सभी लाइसेंसधारी दुकानें ही मिली। इस दौरान तीन दवा दुकानों से चार सेंपल लिए गए है।
छापामारी में एसडीएम और तीन जनपदों के डीआई रहे शामिल
छापामारी में बेल्थरारोड एसडीएम राजेश गुप्ता, बलिया ड्रग इंस्पेक्टर श्रीद्धेश्वर शुक्ला, मऊ डीआई राघवेंद्र सिंह, आजमगढ़ डीआई श्रीमती सीमा वर्मा, उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह व चैकी इंचार्ज मदनलाल समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे। हालांकि बेल्थरारोड में अवैध नर्सिंग होम और अस्पतालों के जांच के प्रति अधिकारियों की अनदेखी से आमजन में जबरदस्त नाराजगी व्याप्त है।



