भूमि पूजन हो चुके अमृत सरोवर का सांसद से फिर करवाया गया पूजन
15 दिन में दूसरी बार हुआ अमृत सरोवर का बलिया में हुआ भूमि पूजन

बलिया: शासन के निर्देश पर सीयर ब्लाक के कुशहांभांड गांव में मनरेगा से बनने वाले अमृत सरोवर का महज 15 दिन में आज दूसरी बार भूमि पूजन किया गया। पहले से भूमि पूजन होचुके अमृत सरोवर का बुधवार को फिर से सांसद रविंद्र कुशवाहा ने बुधवार को भूमि पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्रस्तावित अमृत सरोवर में ही बकायदा टेंट लगाया गया और सांसद ने सरोवर की उपयोगिता बताई। लेकिन महज 15 दिन में ही दूसरी बार इसके भूमि पूजन और शिलान्यास को लेकर किसी ने चर्चा नहीं की। जबकि इसी सरोवर का विगत 24 मई को मनरेगा डिप्टी कमिश्नर एचसी प्रजापति और सीयर बीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह के साथ भाजपा नेता छट्ठू राम एवं ब्लाक प्रमुख आलोक सिंह ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अमृत सरोवर का भूमि पूजन किया था। जिसके बाद काम शुरु करने का निर्देश दिया गया किंतु कुछ घंटों बाद ही काम बंद हो गया। इस बार भूमि पूजन के दौरान सांसद के साथ ब्लाक प्रमुख आलोक सिंह, नायब तहसीलदार दीपक सिंह, बीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान रामाधार राजभर, राजन मद्धेशिया, वीरेंद्र यादव, रामदवर निषाद सचिव मृत्युंजय राय, जितेंद्र कुमार समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

तीन गांवों में सांसद ने किया भूमि पूजन
बलिया: सीयर ब्लाक के तीन गांवों में सांसद रविंद्र कुशवाहा ने बुधवार को अमृत सरोवर का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। सीयर ब्लाक के शाहपुर अफगां, कुशहां भांड और तेंदुआपट्टी फरसाटार गांव में सांसद ने विधिवत पूजन किया। जिसके बाद इसके निर्माण कार्य तेज कर दिए गए। आपको बता दें कि सीयर ब्लाक के पांच ग्रामपंचायत शाहपुर अफगां, कुशहांभांड, तेंदुआपट्टी फरसाटार, तिरनई खुर्द और ससना बहादुरपुर गांव में अमृत सरोवर का निर्माण कराया जा रहा है।



