बलिया डीएम ने की संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान की समीक्षा
डीएम ने सीयर सीएचसी समेत दो अस्पताल अधीक्षकों का रोका वेतन

बलियाः एक से 31 जुलाई तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान की तैयारियों की समीक्षा जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने की। उन्होंने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत व अन्य संबन्धित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी विभागों से संबंधित जिम्मेदारी देते हुए उसके हिसाब से प्लान बनाकर कार्य करने को कहा। 16 से 31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान की भी समीक्षा की। बैठक में अनुपस्थित होने पर सीएचसी सीयर व बांसडीह के प्रभारी चिकित्साधिकारी का वेतन रोकने का आदेश दिया।

जनता से लिया जायेगा फीडबैक, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता से फीडबैक लेकर अभियान के कार्य का सत्यापन किया जाएगा। जिनकी लापरवाही सामने आएगी, उनके ऊपर कार्रवाई भी होगी। नगर निकाय के सफाई निरीक्षक व पंचायत राज विभाग के एडीपीआरओ को बैठकर माइक्रोप्लान बना लेने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि नगरीय क्षेत्रों में फॉगिंग युद्धस्तर पर कराया जाए। नगरपालिका बलिया की फॉगिंग मशीन खराब होने की जानकारी मिलने पर कहा कि दो दिन के अंदर उसे ठीक कराकर अवगत कराएं। आवश्यकता पड़ने पर अन्य निकायों से लेकर फागिंग कराकर वापस कर दें। मलेरिया यूनिट से जुड़े अधिकारियों को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। चूहों व छछुंदरों को नियंत्रित करने के लिए कृषि विभाग के अधिकारी से जानकारी ली। सुकरबाड़ों को आबादी से दूर शिफ्ट करने के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी पशुपालन विभाग को दी। अन्यथा की स्थिति में सख्ती बरतने को कहा। हर सीएचसी-पीएचसी व उप केंद्रों पर पोस्टर-बैनर के जरिए लोगों में जागरूकता लाने के निर्देश दिए।



