
बलियाः जनपद बलिया के उभांव थाना के डंबर बाबा परती के पास बाइक सवार बदमाशों ने ममता देवी के गले से मंगलसूत्र और कानफूल छिन लिया और निकल भाग जाने में सफल हो गए। अपने डेढ़ वर्ष के भतीजे के साथ रोती बिलखती महिला वापस घर पहुंची तो परिजनों में हड़कंप मच गया। भीमपुरा थाना के चरौवां इमिलिया गांव निवासी पीड़ित महिला ममता देवी ने सोमवार को बताया कि घटना 8 जुलाई की है। वह अपने करीब डेढ़ वर्ष के भतीजे सत्यम का इलाज कराकर बेल्थरारोड से वापस पैदल ही घर जा रही थी। इस बीच डंबर बाबा परती के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से आकर उसका गला पकड़ लिया और गले से सोने की चेन और कान का टाॅप्स खींचकर भाग निकले। जिसके बाद वह रोती बिलखती घर पहुंची। भतीजे के तबीयत खराब होने के कारण वह घटना के बाद आज सोमवार को उभांव थाना पुलिस को लिखित तहरीर दिया है।

बढ़ी आपराधिक घटना
आपको बता दें कि इन दिनों उभांव थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में इन दिनों लगातार बढ़ोतरी होती जा रही हैं। पुलिस से बेखौफ बदमाशों ने महज एक सप्ताह में तीन बड़े वारदात को अंजाम दिया है। जबकि पुलिस प्रशासन किसी भी मामले में अब तक खुलासा नहीं कर सकी है। 4 जून को मिश्रौली मार्ग पर एक अस्पताल संचालक के पुत्र डा. दीपक यादव को बदमाशों ने हथियार के बल पर करीब साढ़े तीन लाख के सोने की चेन छिनकर निकल भागे। इसके बाद 8 जुलाई को भीटा भुआरी गांव में चोरों ने लाखों के जेवरात पर भी हाथ साफ कर दिया।



