एसडीएम से महिला ने कहा, जिस दिन दबंगों ने तोड़ा घर, पांच लोग लगा लेंगे फांसी
बेल्थरारोड एसडीएम से महिला ने सुनाई आपबीती

बलियाः जनपद बलिया के भीमपुरा थाना के कसेसर गांव की शौल देवी ने सोमवार को बेल्थरारोड तहसील में एसडीएम राजेश गुप्ता से अपने भूमि को दबंगों से बचाने की गुहार लगाई। महिला ने कहा कि दबंग उनके घर पर जबरन कब्जा करने और घर को गिराने की धमकी दे रहे है। महिला ने हाथ जोड़कर एसडीएम से गुहार लगाते हुए कहा कि जिस दिन मेरे घर को दबंगों ने गिराया, उसी दिन बच्चों के साथ पांचों लोग फांसी लगा लेंगे।

ज्ञापन लेकर पहुंची महिला की फरियाद सुन एसडीएम भी हैरान
फांसी लगाने की चेतावनी के साथ ज्ञापन लेकर पहुंची बिलखती महिला की फरियाद सुन एसडीएम राजेश गुप्ता भी भौचक हो गए। उन्होंने तत्काल उक्त गांव के चकबंदी अधिकारी से वार्ता की और महिला के पूरे प्रकरण से अवगत कराने को कहा। एसडीएम ने भरोसा दिया कि वे स्वयं मौका मुआयना करेंगे। जिसके बाद ही कोई कार्रवाई होगी। पीड़िता ने बताया कि कसेसर गांव में उसका परिवार करीब छ दशक से है। गांव चकबंदी में है और गांव के दबंग चकबंदी प्रक्रिया का फायदा उठाकर गलत तरीके से चक बैठा रहे है और उसके घर पर कब्जा करने की धमकी दे रहे है। जिससे पूरा परिवार भयभीत है।




