रायबरेली: रायबरेली जिले में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला डीह थाना क्षेत्र के सूर्यबक्श का पुरवा मजरे बेतौरा गांव का है, जहां दबंगों ने एक खड़ी कार में जमकर तोड़फोड़ की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित रोहित यादव के घर में मांगलिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान घर के बाहर खड़ी उनकी कार को दबंगों ने ईंट, पत्थर और डंडों से हमला कर क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में कार के शीशे पूरी तरह टूट गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने जानबूझकर इस घटना को अंजाम दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।



