सरयू की धारा में बह गए दो ठोकर, खतरे में हजारों की आबादी
टीएस बंधा और हाहा नाला बंधा पर बढ़ा दबाव, हाहानाला बंधा की स्थिति भी जर्जर

बलियाः सरयू नदी की तेज धारा से बेल्थरारोड के चैनपुर में दो कटानरोधी ठोकर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए है। ठोकरों के अगले हिस्से में लगे पत्थर पूरी तरह से नदी की धारा में बह गए और तेज कटान से ठोकर का मुखरा कटकर नदी में विलीन हो गया। जिसके बाद ठोकर का दतंहा से नदी की मुख्य लहरें तेजी से टकरा रही है।

24 घंटे में दो ठोकरों का 15 फीट मुख्य भाग नदी में हुआ विलीन
ग्रामिणों की माने तो पिछले महज 24 घंटे में नदी की तेज धारा से यहां ठोकर नंबर दो और तीन का करीब 20 फीट तक मुख्य हिस्सा पूरी तरह से नदी में बह गया। ठोकर का अधिकांश हिस्सा लगभग 25 मीटर तक क्षतिग्रस्त हो गया है। तेज जारी कटान से टीएस बंधा और हाहा नाला बंधा पर दबाव बढ़ने लगा है। जबकि हाहा नाला बंधा की स्थिति भी जर्जर हो चुकी है। जिससे चैनपुर और टंगुनिया की 39 सौ की आबादी खतरे में है। जो हर साल नदी के बाढ़ का दंश झेलने को मजबूर होते है।

जिलापंचायत सदस्य दिनेश यादव ने की मरम्मत की मांग
गुरुवार को जिलापंचायत सदस्य दिनेश यादव ने कटान से नदी में विलिन हो रहे ठोकरों की जानकारी बाढ़ खंड विभाग को दिया और कटानरोधी ठोकरों के मरम्मत की मांग की। दिनेश यादव ने बताया कि देवरिया जनपद के पैना में बने कटानरोधी ठोकर से नदी की लहरे टकराकर बलिया जनपद के इन्हीं ठोकरों से सीधे टकरा रही है। जिससे यहां नदी का दबाव और कटान तेज है। ठोकर से महज 80 मीटर की दूरी पर हाहा नाला बंधा पूरी तरह से खतरे में है। नदी का जलस्तर अगर इस बार बांधे तक पहुंचा तो निश्चय ही आबादी पूरी तरह से प्रभावित हो जायेगी।

कटान से बचाव को तीन वर्ष पूर्व बना था पांच ठोकर
करीब तीन वर्ष पूर्व ही लगभग 9 करोड़ की लागत से यहां चैनपुर, टंगुनिया के पास पांच अलग अलग ठोकर बनाएं गए थे। इनमें दो के क्षतिग्रस्त होने से हाहा नाला बंधा पर दबाव बढ़ गया है। बंधे की स्थिति भी जर्जर है।
क्षतिग्रस्त ठोकरो का होगा मरम्मत
बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता संजय मिश्र ने बताया कि बेल्थरारोड के चैनपुर में बने ठोकरों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर बाढ़ खंड एई की टीम को भेजा गया है। जल्द ही वे भी मौके का निरीक्षण करेंगे। जिसके बाद ठोकर को बचाने के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य किया जायेगा।
बेल्थरारोड में बाढ़ प्रभावित गांवों की संख्या – 24
प्रभावित कुल आबादी 14635
बाढ़ चैकी 10
नाव की व्यवस्था- 31
हाहानाला बांध की लंबाई 8.80 किलोमीटर, 6534 हेक्टेयर क्षेत्रफल




