
बलियाः प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान डीएवी इंटर कालेज में एक बार फिर सम्मान बचाने की जंग जारी है। बेल्थरारोड में संचालित बलिया डीएवी इंटर कालेज के प्रबंध समिति का चुनाव एकबार फिर चर्चा में है। यहां दो समानांतर प्रबंध समिति का अलग अलग चुनाव एक ही दिन संपन्न कराया गया। उसमें भी खास बात यह कि दोनों प्रबंध समिति के चुनाव के लिए चुनाव पर्यवेक्षक के रुप में अतुल कुमार त्रिपाठी नियुक्त किए गए थे। जिनके देखरेख और बलिया डीआईओएस के निर्देश पर रविवार को कालेज परिसर में ही काफी गहमागहमी के बीच दोनों समितियों का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा।

रितेश कुमार पहली बार बने प्रबंधक
बलिया के वर्तमान डीआईओएस रमेश सिंह ने डीएवी इंटर कालेज के आर्य विद्या सभा सीयर डीएवी कालेज के प्रबंध/मंत्री हुकुमचंद्र गुप्ता कमेटी के पदाधिकारियों का चुनाव कराने की स्वीकृति दिया था। जिसके तहत चुनाव पर्यवेक्षक अतुल कुमार त्रिपाठी की मौजूदगी में समिति का चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव के बाद पहली बार इस कमेटी द्वारा रितेश कुमार को प्रबंधक चुना गया। जबकि अध्यक्ष पद पर शिवानंद उपाध्याय, उपाध्यक्ष रमेशचंद्र साहनी, उपप्रबंधक सुभाषचंद्र गुप्त, कोषाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह बनाएं गए। जबकि कार्यकारणी सदस्य के रुप में चंद्रशेखर तिवारी, दुर्गा प्रसाद मधु, नंदलाल जायसवाल, रविकिशोर, बृजपाल गुप्त, कमलेश कुमार प्रजापति और विशाल कुमार शामिल है।

5वीं बार प्रबंधक बनने का दावा
विवादों के कारण अक्सर चर्चा में रहने वाले डीएवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक अनूप कुमार हेमकर अपने प्रबंध समिति के चुनाव में पांचवी बार प्रबंधक बनाए गए। श्री हेमकर के पांचवी बार प्रबंधक बनने का दावा किया जा रहा है। चुनाव में रमेश चंद वर्मा पुनः अध्यक्ष निर्वाचित किए गए। समिति के उपाध्यक्ष मोहन बरनवाल, उप प्रबंधक हरिप्रकाश मद्धेशिया व कोषाध्यक्ष घनश्याम प्रसाद चुने गए। जबकि कार्यकारिणी में पुनीत गुप्त, संजय वर्मा सिंटू, कृष्णकांत वर्मा, विवेक मोदनवाल, अंचल वर्मा, अमित सिंह, धन्नू सोनी शामिल है।




