बेल्थरारोड सेंट जेवियर्स किड्स स्कूल का हुआ भव्य शुभारंभ
बच्चों को जेल जैसा अनुभव देने वाले स्कूल उनसे पढ़ाई का उत्साह छीन लेते हैं : बीडीओ


बेल्थरारोड सेंट जेवियर्स किड्स स्कूल का हुआ भव्य शुभारंभ, बीडीओ फैसल आलम ने फीता काटकर किया उद्घाटन
बच्चों को जेल जैसा अनुभव देने वाले स्कूल उनसे पढ़ाई का उत्साह छीन लेते हैं : बीडीओ
बलिया: जनपद बलिया के बेल्थरारोड नगर के इमिलिया रोड स्थित सेंट जेवियर्स किड्स स्कूल के नए ब्रांच का मंगलवार को भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीयर ब्लॉक के बीडीओ फैसल आलम ने फीता काटकर विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन समारोह की औपचारिक शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में स्कूल के डायरेक्टर डॉ. जे. आर. मिश्र, प्रिंसिपल श्रीमती शिला मिश्र तथा मैनेजिंग डायरेक्टर जयश्री मिश्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर छात्रा कुमारी नीति ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। इसके बाद डायरेक्टर डॉ. जे. आर. मिश्र ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था तथा उद्देश्य के बारे में जानकारी दी।

मैनेजिंग डायरेक्टर जयश्री मिश्रा ने विद्यालय की पंचदीप शिक्षा प्रणाली की विशेषताओं को साझा करते हुए बताया कि स्कूल में बच्चों को डर या दबाव के माहौल में नहीं, बल्कि स्नेह और रचनात्मक वातावरण में शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए यहां उन्हें क्ले से खेलने, रंगों से पेंटिंग करने, मिट्टी से खिलौने बनाने और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर दिया जाएगा। इससे बच्चे खेल-खेल में नई-नई स्किल सीखेंगे और पढ़ाई के प्रति उनका रुचि भी बढ़ेगी।

मुख्य अतिथि बीडीओ फैसल आलम ने विद्यालय की व्यवस्था, वातावरण और शिक्षण पद्धति की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय ऐसा स्थान होना चाहिए, जहां बच्चों को सीखने में आनंद आए और वे खुशी के साथ शिक्षा ग्रहण करें। उन्होंने कहा कि कई जगहों पर स्कूलों का माहौल ऐसा होता है, जहां बच्चों को कैदियों जैसा अनुभव होता है। ऐसे माहौल से बच्चे पढ़ाई से दूर हो जाते हैं। उन्होंने सेंट जेवियर्स किड्स स्कूल की अवधारणा को बच्चों के अनुकूल बताते हुए कहा कि यह विद्यालय क्षेत्र में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने भी विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और इसकी सराहना की। इस मौके पर शिक्षक नेता आनंद यादव, एडीओ पंचायत मनोज सिंह, वाइस प्रिंसिपल तनवीर फातमा, संजय कुमार मिंटू, बबलू जायसवाल, फहद बिन शराफत, उदित राज समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन गार्गी सिंह ने किया।









