सेंट जेवियर्स स्कूल का बढ़ा गौरव
पूर्व छात्र रोहित जायसवाल बने प्रथम श्रेणी अधिकारी

बलिया। बेल्थरा रोड स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल के लिए शुक्रवार का दिन गर्व और खुशी लेकर आया। विद्यालय के होनहार पूर्व छात्र रोहित जायसवाल के प्रथम श्रेणी अधिकारी (क्लास-1 अधिकारी) के पद पर चयनित होने पर स्कूल परिसर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके माता-पिता श्रीमती निर्मला जायसवाल एवं श्री कन्हैया लाल जायसवाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक डॉ. जे.आर. मिश्र एवं प्रधानाचार्या श्रीमती शीला मिश्रा ने रोहित जायसवाल को शॉल, स्मृति-चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उनके माता-पिता को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्कृष्ट संस्कार, मार्गदर्शन और संघर्ष की सराहना की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. जे.आर. मिश्र ने कहा कि रोहित जायसवाल की सफलता पूरे सेंट जेवियर्स परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि रोहित ने अपनी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से यह सिद्ध कर दिया है कि लगन के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है। उनकी उपलब्धि विद्यालय के वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
सम्मान से अभिभूत रोहित जायसवाल ने कहा कि आज वे जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसकी मजबूत नींव सेंट जेवियर्स स्कूल में ही रखी गई थी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय में मिले अनुशासन एवं संस्कारों को दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने रोहित जायसवाल और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
सेंट जेवियर्स स्कूल, पिपरौली-बेल्थरा रोड में आयोजित यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और विद्यालय के लिए गर्व का यादगार अवसर बन गया।



