देश ने खोया एक वीर सपूत
सूरतगढ़ में तैनात हवलदार अरविंद कुमार का निधन, इलाज के दौरान तोड़ा दम

बलिया: नगरा क्षेत्र के तुर्की दौलतपुर गांव के निवासी एवं भारतीय सेना के वीर हवलदार अरविंद कुमार का बीमारी के चलते निधन हो गया। वह राजस्थान के सूरतगढ़ सैन्य क्षेत्र में तैनात थे और पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को उनका शव गांव में पहुंचना है। जिसके इंतजार में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे रहे।
हवलदार अरविंद कुमार ने करीब 22 वर्षों तक भारतीय सेना में रहकर मातृभूमि की सेवा की। अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित इस वीर जवान ने देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से सेना और क्षेत्र ने एक समर्पित सैनिक को खो दिया है।
वे अपने पीछे पत्नी, तीन बच्चों और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। एक ओर उन्होंने तिरंगे की शान बढ़ाई, तो दूसरी ओर एक जिम्मेदार पिता और परिवार के मजबूत सहारे की भूमिका निभाई।
गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “वीर कभी मरते नहीं, वे अपने कर्तव्यों और बलिदान के कारण हमेशा देशवासियों के दिलों में अमर रहते हैं।”



