बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन से नहीं रुकेगा नाले का बहाव, रेल यात्री सुविधा के लिए बढ़ रही व्यवस्थाएं
आरवीएनएल मुख्य परियोजा प्रबंधक विनोद शुक्ला ने देखा निर्माण कार्य

बलियाः जनपद बलिया के बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर हो रहे निर्माण कार्य के कारण यहां मौजूद नाले का बहाव बाधित नहीं होगा और पूर्व की भांति पानी का बहाव होता रहेगा। रेलवे स्टेशन पर रेल यात्री सुविधाओं की अनेक व्यवस्थाएं बढ़ रही है। उक्त बातें आरवीएनएल के मुख्य परियोजना प्रबंधक विनोद कुमार शुक्ला ने बुधवार को कहा। भटनी-औड़िहार रेलखंड के विभिन्न आठ रेलवे स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्य की जांच के लिए वाराणसी रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) के मुख्य परियोजना प्रबंधक विनोद कुमार ने निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया। वे स्वयं मधुबन रेल क्रासिंग से लेकर रेलवे लाइन किनारे होते हुए बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन तक पैदल पहुंचकर पूरे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और बिल्थरारोड में डबल रेल लाइन एवं रेल मालगोदाम निर्माण की गुणवत्ता को देखा। उन्होंने यहां निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिससे निर्माण कार्य में लगे इंजीनियर के बीच हड़कंप मचा रहा।

दोहरीकरण कार्य एवं तुर्तीपार रेल पुल का निर्माण कार्य मार्च 2025 तक होगा पूरा
प्रबंधक श्री शुक्ला ने बताया कि भटनी-औड़िहार के बीच करीब 116 किलोमीटर तक डबल रेल लाइन बिछाया जा रहा है। यहां रेलवे का दोहरीकरण कार्य एवं तुर्तीपार रेल पुल निर्माण का कार्य मार्च 2025 तक पूरा हो जायेगा। बताया कि निर्माण कार्य से बिल्थरारोड समेत आसपास के कई रेलवे स्टेशन की तस्वीर बदल जायेगी। बिल्थरारोड में माल गोदाम (रैक हैंडलिंग प्लेटफार्म) बनने से लाररोड, बिल्थरारोड, मधुबन, दोहरीघाट और सिकंदरपुर तक के व्यापारी और कारोबार दोनों की रफ्तार बढ़ेगी। बिल्थरारोड के बाद परियोजना प्रबंधक किड़िहरापुर से भटनी तक के रेल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और वाराणसी को लौट गए। आपको बता दें कि रेल विकास निगम लिमिटेड द्वारा सीपीएम थ्री के तहत करीब 12 सौ करोड़ की रेल दोहरीकरण और निर्माण कार्य की परियोजना मार्च 2025 तक पूरी कर ली जायेगी। इसके तहत भटनी-इंदारा रेलखंड के बीच आठ रेलवे स्टेशन पिकोल, सलेमपुर, लार रोड, तुर्तीपार, बिल्थरारोड, गोविंदपुर, किड़िहरापुर, चकरा और इंदारा रेलवे स्टेशन और रेलवे हाल्ट पर तेजी से निर्माण कार्य जारी है। इसके तहत पिकोल, सलेमपुर, लार रोड, बिल्थरारोड और किड़िहरापुर रेलवे स्टेशन पर कुल पांच फुट ओवरब्रिज और रैंप ओवरब्रिज बनना है।




