
बलियाः बिल्थरारोड सुरक्षित सीट पर छठवें चरण के तहत 3 मार्च को मतदान होना है। इसके लिए 11 फरवरी तक नामांकन होना है किंतु अब तक सपा ने यहां से अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है। जबकि भाजपा से छट्ठू राम और बसपा से प्रवीण प्रकाश चुनाव मैदान में उतर चुके है। इधर समाजवादी गढ़ रहे बिल्थरारोड विधानसभा सीट से इस बार सपा द्वारा पर्दे के पीछे से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई है। बिल्थरारोड सीट पर सपा के गठबंधन दल सुभासपा से प्रत्याशी उतारे जाने की संभावना बढ़ गई है। सुभासपा से हंसु राम के नाम की चर्चा तेज है और इनके समर्थक चुनावी रणभुमि में घेराबंदी के लिए भी उतर गए है। जबकि टिकट की आस में सपा से पूर्व विधायक गोरख पासवान, दिग्गज नेता अनुराग गर्ग उर्फ संतोष राम, राजेश पासवान, राजन कन्नौजिया, सुनील कुमार पिंटू समेत अधिकांश दिग्गज नेता और टिकट के दावेदार पिछले कई दिनों से लखनऊ में जमे हुए है। सपा गठबंधन से अगर बिल्थरारोड में सुभासपा से प्रत्याशी चुनाव मैदान में आने की अधिकारिक घोषणा हुई तो निश्चय ही इस बार समाजवादी गढ़ में सपाईयों के लिए राजनीतिक सफर काफी मुश्किलभरा हो जायेगा।



