लखनऊ में जमे रहे सपाई दिग्गज, छड़ी लेकर बिल्थरा भाग निकले हंसू
सपा के दिग्गज बुधवार को करेंगे चुनावी मंथन

बलियाः जनपद बलिया के एकलौते सुरक्षित सीट बेल्थरारोड विधानसभा से टिकट पाने की आस में सपा के दिग्गज नेता कई दिनों से लखनऊ में जमे रहे और सुभासपा से हंसू राम छड़ी लेकर उड़ गए। जिससे सपा के दिग्गज नेताओं में खलबली मच गई। सपा नेता लगातार पार्टी के बड़े पदाधिकारियों के संपर्क में रहे। उन्हें आश्वासन मिलता रहा लेकिन अंत समय में सपा नेताओं को भनक तक नहीं लगी और बेल्थरारोड की सीट गठबंधन के सुभासपा के खाते में चली गई। हंसू राम रिटायर्ड अधिकारी है और अधिकारी के दांव से सपा के दिग्गज नेता चुनाव में जाने से पहले ही चित्त हो गए। अब बुधवार को सपा समर्थित सुभासपा प्रत्याशी हंसू राम बेल्थरारोड में भ्रमणकर जनसंपर्क करेंगे और अपने नामांकन की तैयारी करेंगे। जबकि सपा के दिग्गज नेता बुधवार को आगे की रणनीति को लेकर चुनावी मंथन करेंगे। बताया जा रहा है कि सपा के दिग्गज नेता मायूस होकर मुंह लटकाएं बेल्थरारोड वापस आ रहे है। जिसके बाद यहां सपा कार्यकर्ताओं संग समर्थकों की बैठक होगी। जिसके बाद बिल्थरारोड में भी कुछ नए राजनीतिक घटनाक्रम होने की अटकलें तेज हो गई है।




