बलिया पहुंची हरियाणा पुलिस, दूसरी पत्नी के साथ छिपे युवक को दबोचा
बेल्थरारोड के चौकियां मोड़ से हुई गिरफ्तारी

बलियाः हरियाणा में पहली पत्नी को छोड़ दूसरी पत्नी के साथ बेल्थरारोड में छिपे सुहेल नामक युवक को हरियाणा पुलिस ने मंगलवार को चौकियां मोड़ के समीप नगरा मार्ग स्थित एक भवन से गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ्ज्ञ हरियाणा ले गई। दहेज उत्पीड़न मामले में मंगलवार को हरियाणा की पुलिस बलिया पहुंची और उभांव थाना पुलिस के सहयोग से चौकियां मोड़ पर एक मकान में छापामारी करने के बाद एक युवक को दबोच लिया। पुलिसिया छापामारी से चौकियां मोड़ के पास हड़कंप मचा रहा। सुहेल मूल रुप में बिहार के गया जनपद का निवासी बताया जा रहा है। जो अपनी पहली पत्नी को हरियाणा प्रांत के फरीदाबाद में छोड़ पिछले कई साल से यहीं छिपा था। पुलिस ने बताया कि सुहेल की पत्नी ने महिला थाना फरीदाबाद में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। जिसके तहत कई महीने से पुलिस को आरोपी की तलाश थी। इधर सुहेल पिछले करीब डेढ़ वर्ष से मऊ जनपद के मधुबन थाना अंतर्गत नेमडार गांव निवासी एक युवती के साथ दूसरी शादी कर बेल्थरारोड में ही रहता था। हरियाणा पुलिस की छापामारी के दौरान भी कथित तौर पर सुहेल की दूसरी पत्नी उसके साथ कमरे में ही मौजूद थी। जो करीब पांच माह की गर्भवती भी बताई जा रही है। महिला पुलिस के साथ हरियाणा से पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की अधिकारिक जानकारी देने से इंकार कर दिया। गिरफ्तारी के बाद हरियाणा पुलिस सीधे उभांव थाना पहुंची और क्षेत्रीय पुलिस को मामले की जानकारी देने के बाद युवक को लेकर हरियाणा के लिए रवाना हो गई।




