बेल्थरारोड में सुभासपा के हंसू राम हुए विधायक, भाजपा के छट्ठू राम के छूटे पसीने
हंसू राम की पटखनी से चित्त हुई भाजपा, बसपा रही तीसरे नंबर पर

बलिया: बेल्थरारोड विधानसभा सीट पर सुभासपा प्रत्याशी हंसू राम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज किया है। उन्हें कुल 78995 वोट मिला और उन्होंने 5514 वोट से भाजपा को पटखनी दी। सुभासपा के पक्ष में सपा और हंसू राम के समर्थकों के साइलेंट वोटरों ने जबरदस्त खेल किया। भाजपा प्रत्याशी छट्ठू राम को कुल 73481 वोट ही मिला। भीतरघात के कारण भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा। जबकि बसपा के प्रवीण प्रकाश को 38803 वोट मिला और वे तीसरे नंबर पर रहे। 30 राउंड में हुए मतगणना में 14 राउंड तक भाजपा लगातार बढ़त में थी किंतु हर राउंड में सुभासपा महज पांच सौ से 12 सौ के वोट के अंतर से पीछे रही। 15वें राउंड के बाद के मतगणना में सुभासपा के हंसू राम के वोटों की रफ्तार तेजी से बढ़ी। जिसका पीछा करने में छट्ठू राम के पसीने छूट गए और 30वें राउंड के अंत तक उन्हें 73481 वोट से हार का सामना करना पड़ा। बिल्थरारोड समाजवादी गढ़ माना जाता है किंतु 2017 के बीजेपी लहर में यहां से धनंजय कन्नौजिया विधायक हुए थे। लेकिन जनता से लगातार उनकी दूरी और पार्टी कार्यकर्ताओं से बेरुखी के कारण भाजपा ने सीटिंग विधायक का टिकट काट यहां छट्ठू राम को प्रत्याशी बनाया था। इनके पक्ष में भाजपा सांसद और सिनेस्टार हेमा मालिनी एवं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या की जनसभा भी हुई थी। चुनाव के आखिरी समय में सपा के पूर्व विधायक गोरख पासवान भी भाजपा में शामिल हुए थे। जिससे भाजपा अपनी जीत को लेकर अतिआत्मविश्वास में थी। जिससे भाजपा को यहां करारी हार का सामना करना पड़ा।
बिल्थरारोड के समाजवादी गढ़ में अधिकारी से विधायक बने सुभासपा से हंसु राम
बिल्थरारोड सुरक्षित विधानसभा सीट पर सुभासपा प्रत्याशी के रुप में रिटायर्ड अधिकारी हंसु राम अब विधायक हो गए है। उन्होंने भाजपा की सीट पर प्रत्याशी छट्ठू राम को जबरदस्त पटखनी दी है। करीब 67 वर्षीय हंसू राम पड़ोसी जनपद देवरिया के सलेमपुर नाथघाट के मूल निवासी है। वे 1986 बैच के पीसीएस रहे है और 2015 में लखनऊ से सूचना निदेशक पद से रिटायर्ड हुए। वे 2017 के विधानसभा चुनाव में भी बसपा से टिकट मांग चुनाव मैदान में आना चाहते थे किंतु सफलता नहीं मिली थी। इस बार सुभासपा से उन्हें टिकट पाने में सफलता मिली और वे पहली बार बेल्थरारोड से चुनाव मैदान में उतरे। वे ऐतिहासिक जीत के साथ अधिकारी से अब विधायक बन गए। मान्यवर कांशीराम जी को अपना राजनीतिक गुरु मानने वाले हंसूराम राजनीति में आकर समाजसेवा करने के लिए काफी उत्साहित रहे है। देवरिया जनपद के सलेमपुर नाथघाट के मूल निवासी हंसु राम अपने घर से ज्यादा ससुराल में समय देते रहे है। देवरिया जनपद के हरेरामपुर में उनकी ससुराल है। पत्नी सविता देवी गृहणी है। उनके पुत्र कृष्णप्रताप राव बीटेक कर चुके है। जबकि पुत्री प्रियंका राव यूनियन बैंक में असिस्टेंट मैनेजर है और एक अन्य पुत्री निहारिका राव फिलहाल पढ़ाई कर रही है।

बेल्थरारोड के सपाईयों ने मनाई डबल खुशी, भाजपाईयों में मायूसी
यूपी में भाजपा सरकार बनने पर बेल्थरारोड के भाजपाईयों में जबरदस्त उत्साह है किंतु बेल्थरारोड में मिली हार को लेकर मायूसी भी साफ दिख रही है। वहीं बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र में सपाईयों ने डबल खुशी मनाया। बेल्थरारोड विधानसभा सीट पर सपा समर्थित सुभासपा के हंसू राम के ऐतिहासिक जीत पर जहां सपा में जबरदस्त खुशी है। वहीं बेल्थरारोड के मूल निवासी और पूर्व विधायक जयप्रकाश अंचल के बैरिया जीत पर पूरे पशुहारी गांव में जबरदस्त जश्न का माहौल है। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आद्याशंकर यादव, मतलूब अख्तर, शमशाद बांसपारी, शाहिद समाजवाद, आनंद यादव, रुद्र प्रताप यादव, अंगद यादव, शिवम बरनवाल, राजाराम राजभर, अमरजीत यादव, गीता देवी, संजय यादव ने बेल्थरारोड और बलिया की जीत पर बधाई दी है।



