आजमगढ़ मंडलीय निरीक्षिका प्रज्ञा सिंह ने सीयर सीएचसी का किया औचक निरीक्षण
स्वास्थ्य सुविधा बेहतर करने को दिए आवश्यक निर्देश

बलियाः जनपद बलिया के सीयर सीएचसी का गुरुवार को प्रशासनिक सुधार मंडलीय निरीक्षिका प्रज्ञा सिंह ने औचक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सुविधा को और बेहतर करने का निर्देश दिया। आजमगढ़ कमिश्नर विजय विश्वास पंत के निर्देश पर यह निरीक्षण हुआ। जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा रहा। मंडलीय निरीक्षिका प्रज्ञा सिंह ने सीयर सीएचसी का औचक निरीक्षण के दौरान यहां के स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल देखा और व्यवस्था में सुधार के लिए मातहतों को आवश्यक निर्देश दिए। मंडलीय निरीक्षिका ने इमरजेंसी कक्ष का निरीक्षण किया। जहां प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल के ओटी, स्टोर रुम, आक्सीजन प्लांट, क्षय रोग, ओपीडी आदि का निरीक्षण किया तथा दवा वितरण व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पैथालॉजी जांच केंद्र का भी जायजा लिया और जांच व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। वैक्सीनेशन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों के लिए पेयजल की सुविधा नहीं होने पर नाराजगी जताई और इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डा. तनवीर आजम ने अस्पताल पर मौजूद स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।




