बेल्थरारोड एसडीएम कोर्ट में पेशी के दौरान मारपीट
इंस्पेक्टर ने बवाली को दबोचा, वकिलों ने किया विरोध

बलियाः जनपद बलिया के बेल्थरारोड एसडीएम न्यायालय में बुधवार को सुनवाई के दौरान गिरफ्तार दो पक्षों में अचानक मारपीट हो गई। जिससे एसडीएम कोर्ट में हड़कंप मच गया। वादकारी और अधिवक्ताओं संग पेशकार ने बीचबचाव किया। घटना के तुरंत बाद उभांव इंस्पेक्टर भी पहुंच गए और बवाली को दबोच लिया किंतु न्यायालय से प्रतिवादी को पकड़ने पर अधिवक्ताओं ने इसका विरोध किया। जिससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसे लेकर अधिवक्ता और पुलिस के बीच जमकर बकझक हुआ। जिससे करीब आधे घंटे तक अफरातफरी मची रही। बवाल के कारण एसडीएम न्यायालय स्थगित हो गया।

पेशी के दौरान अमित और अमरनाथ के बीच हुआ मारपीट
मामला भूमि विवाद का बताया जा रहा है। उभांव थाना के ससना बहादुरपुर गांव के दलित बस्ती में दो पटिदारों के बीच रास्ते के विवाद में पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा है और कई बार पंचायत भी हो चुकी है। इसी मामले में पुलिस ने एक पक्ष से अमित कुमार और सरोज देवी (देवर-भाभी) एवं विपक्षी रीमा कुमारी समेत तीन लोगों उभांव थाना पुलिस ने धारा 151 के तहत गिरफ्तारकर एसडीएम कोर्ट के समक्ष पेश किया। जहां विपक्षी रीमा कुमारी का भाई अमरनाथ भास्कर उर्फ रिंकू और अन्य लोग भी मौजूद थे। एसडीएम राजेश कुमार गुप्ता किसी दूसरे मामले की सुनवाई कर रहे थे। इस बीच पुलिस कस्टडी में मौजूद अमित कुमार और अमरनाथ के बीच कोर्ट में एकदूसरे को देखलेने की धमकी देने लगे। जमकर गाली गलौज भी किया। जिसके बाद अमित ने अमरनाथ उर्फ रिंकू को कई थप्पड़ रसीद कर दिया। जिसके बाद गुस्साएं प्रतिवादी पक्ष व अधिवक्ताओं ने गिरफ्तार अमित की धुनाई की। अचानक हंगामा देख एसडीएम भी अवाक रह गए। इस बीच पेशकार ने फिल्मी अंदाज में कोर्ट के बीच टेबुल पर कूदकर दोनों पक्षों को अलग किया।
उभांव इंस्पेक्टर के साथ उलझे अधिवक्ता
हंगामा सुनकर तहसील में मौजूद उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और बवाल करने वाले विपक्षी अमरनाथ भास्कर उर्फ रिंकू को पकड़ लिया। जिसे पुलिस कोर्ट परिसर से थाना ले जाने के लिए निकली। इस बीच अधिवक्ताओं ने पुलिस को घेर लिया और न्यायालय परिसर से गिरफ्तारी को गलत बताते हुए हंगामा करने लगे। करीब 20 मिनट तक अधिवक्ता-पुलिस के बीच जमकर बकझक हुआ। इस बीच बवाली निकल भागा।




