फिर से तैयार होने लगी बेल्थरारोड नगर विस्तार की पत्रावली
डीएम के माध्यम से शासन को भेजने की तैयारी तेज

बलिया: लगभग दो वर्ष के प्रयास के बाद बेल्थरारोड नगरपंचायत विस्तार की पत्रावली अब जाकर शासन को भेजने की तैयारी तेज हो गई है। जिसे अगले तीन दिन में बलिया डीएम को भेज दिया जायेगा। योगी सरकार द्वारा प्रदेश में नए नगरपंचायत सृजन और सीमा विस्तार की घोषणा के बाद बेल्थरारोड नगरपंचायत प्रशासन भी अब इसे लेकर गंभीर हो गया। सीमा विस्तार के दो वर्ष पुराने फाइल से धूल को साफ कर अब इसे फिर से अपडेट किया जा रहा है। नपं चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अगले तीन दिन में नगरपंचायत विस्तार की अपडेट फाइल बलिया डीएम को भेज दी जायेगी। जिलाधिकारी के स्वीकृति के बाद उसे शासन को भेज दिया जायेगा। जिसके बाद अगले सत्र तक सीमा विस्तार के फाइल को शासन से हरी झंडी मिलने की उम्मीद है।
इन क्षेत्रों को नगर में किया जाना है शामिल
बिल्थरारोड नगरपंचायत विस्तार के लिए तैयार प्रस्ताव में क्षेत्र के बिठुआं सीयर, कुण्डैल नियामतअली, रामपुर चंदायर, मसावं, अवायां का आंशिक भाग, चैकिया का आंशिक भाग पीडब्ल्यूडी सड़क से पश्चिम और इमिलिया व बीबीपुर का संपूर्ण भूखंडो को नगर में शामिल किया जाना है। इससे संबंधित राजस्व अधिकारियों की रिपोर्ट तहसील से मिलने के बाद नगरपंचायत द्वारा नगरंपचायत का विस्तार संबंधित नया प्रस्तावित नक्शा और पूरी पत्रावली तैयार कर ली गई है।

नक्शे से ही गायब है रेलवे लाइन इस पार की इमिलिया और बीबीपुर के भूखंड
बिल्थरारोड नगरपंचायत के नक्शे में इमिलिया मुहल्ला तो है किंतु रेलवे लाइन के पश्चिम का इमिलिया (बाहरी) का इलाका पूरी तरह से गायब है। जो आजादी के बाद से अब तक ग्रामपंचायत और नगरपंचायत के किसी भी भूअभिलेखों में दर्ज ही नहीं है। जिसके कारण यहां की करीब पांच सौ की आबादी का निवास प्रमाणपत्र भी नहीं बनता। कुछ ऐसी ही स्थिति बीबीपुर के आंशिक भाग का भी है। जिसका आधा हिस्सा नगरपंचायत में तो है किंतु शेष भूखंड न तो नगरपंचायत का हिस्सा है और न ही ग्रामपंचायत के नक्शे में शामिल है।



