
बलियाः जनपद बलिया के उभांव थाना के ननौरा गांव से नवजात बच्ची संग पत्नी को दहेज के लिए ससुरालवालों ने घर से भगा दिया। मामले में पीड़िता के लिखित तहरीर पर उभांव थाना पुलिस ने एक माह बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी। सिकंदरपुर के बसारिखपुर की मूल निवासी पीड़िता हैदरी उर्फ शबनम खातून ने अपने पति याकुब ग्राम ननौरा निवासी समेत ससुरालवालों पर दहेज में तीन लाख रुपया और बाइक के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।

पति, ससुर, सास, देवर, ननद समेत छ के खिलाफ एफआईआर दर्ज
पीड़िता के अनुसार उसका निकाह 4 मार्च 2021 को ननौरा गांव निवासी याकुब के साथ हुआ था। उसकी चार माह की एक पुत्री भी है। करीब 25 से 30 लाख रुपए के खर्च से धूमधाम के साथ निकाह किया गया और नगदी, गहना समेत अनेेक कीमती सामान भी दिए गए। लेकिन शादी के चार माह के बाद से परिवार में तनाव शुरु हो गया। उसके पति याकूब खां, ससुर इकबाल खां, देवर लड्डन, सास हसीबुन निशा, ननद हसीना व सोनी दहेज के लिए अक्सर प्रताड़ित करने लगे और 23 जून को सभी ने मिलकर उसे मारपीटकर घर से बाहर कर दिया। जिसके बाद से ही वह अपने मायके सिकंदरपुर में रहने को मजबूर है और न्याय के लिए उभांव थाना का चक्कर लगा रही है। पुलिस ने मामले में पति समेत छ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।




