बलिया में करंट लगने से एक महिला की मौत, चार झुलसी
शिवचर्चा के दौरान हुआ हादसा, माइक में आया करंट

बलिया: जनपद बलिया के उभांव थाना अंतर्गत गुलौरा मठिया गांव में शुक्रवार को शिवचर्चा के दौरान करंट लगने से फूलपरी देवी नामक महिला की मौत हो गई। जबकि चार अन्य बुरी तरह से झुलस गई। जिन्हें उपचार के लिए सीयर सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

करंट से चार अन्य महिला झुलसी, गंभीर
करंट लगने से झुलसी महिलाओं में शांति देवी (55) पति शंभू राजभर, लीलावती देवी (45) पति शंभू राजभर, मनकिया देवी (60) पति सुंदर राजभर और इंद्रावती देवी (45) पति शिवामुनी राजभर शामिल है। जिनका इलाज चल रहा है। इलाज कराने पहुंचे परिजनों की चीख पुकार से अस्पताल में मातम सा छाया रहा। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया।

शिवचर्चा के दौरान माइक में आया करंट
गांव के श्रीप्रकाश गुप्ता के घर के पास डीह बाबा स्थान पर शिव चर्चा का आयोजन किया गया था। जहां दोपहर 12 बजे से करीब 35-40 की संख्या में महिलाएं जुटी थी। जहां इनवर्टर के द्वारा माइक से शिवचर्चा का आयोजन किया जा रहा था। लीलावती देवी हाथ में माइक लेकर मंगलगीत गा रही थी। इस बीच दोपहर सवा दो बजे के आसपास अचानक बिजली आने से माइक में करंट आ गया। जिससे वह झुलस गई। उसे बचाने के प्रयास में अन्य महिलाएं भी झुलस गई। जिसके बाद हड़कंप मच गया। सभी को इलाज के लिए सीयर सीएचसी पर भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने फुलपरी देवी को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य का इलाज जारी है।





