रेल दोहरीकरण के धीमा निर्माण पर भड़के आरवीएनएल मुख्य परियोजना अधिकारी
बेल्थरारोड में मालगोदाम और रेल दोहरीकरण का 24 घंटे में स्लैब ढलई शुरु करने का दिया निर्देश

बलियाः वाराणसी-भटनी-गोरखपुर रेल खंड पर चल रहे रेल दोहरीकरण कार्य का बुधवार को बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन के पास आरवीएनएल मुख्य परियोजना अधिकारी वीके शुक्ला ने रेल दोहरीकरण का हाल देखा और गहन निरीक्षण किया। जिससे निर्माण कार्य में लगे इंजीनियर्स और ठेकेदारों में हड़कंप मच गया। बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन रेल मालगोदाम और दोहरीकरण के धीमे निर्माण कार्य पर आरवीएनएल मुख्य परियोजना अधिकारी ने नाराजगी जताई।

24 घंटे में रेल लाइन के स्लैब ढ़लाई शुरु करने के कड़े निर्देश
रेल विकास निगम लिमिटेड वाराणसी के मुख्य परियोजना अधिकारी वीके शुक्ला ने बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन के पास डीएवी रेल क्रासिंग और कुण्डैल रेल क्रासिंग के बीच धीमे निर्माण पर ठेकेदार का क्लास लगाया और रेल लाइन दोहरीकरण के तहत नए रेल लाइन और मालगोदाम के निर्माण हेतु बन रहे रेल ट्रैक को 24 घंटे में तेज करने और इसके स्लैब का आरसीसी कार्य शुरु करने का निर्देश दिया। श्री शुक्ला ने बताया कि बारिश के कारण रेल दोहरीकरण निर्माण कार्य में मिट्टी का कार्य प्रभावित हुआ है लेकिन अन्य निर्माण कार्य तेजी से जारी है।




