विधायक हूं और सिर्फ विकास से है मतलबः हंसू राम
विधायक ने बेल्थरारोड के बिजली, सड़क, स्वास्थ्य सुविधा बेहतर करने के लिए झोंकी ताकत

बलियाः यूपी के विधानसभा चुनाव में सपा के साथ गठजोड़ और चुनाव बाद अब सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की बढ़ती सपा से दूरी ने पार्टी के विधायकों की भी असमंजस बढ़ा दी है। भाजपा से मिली वाई श्रेणी सुरक्षा के बाद सुभासपा की बीजेपी संग नजदिकियों की चर्चा सरेआम होने लगी। ऐसे में सपाईयों का दूरी बनाना स्वभाविक है। लेकिन क्षेत्रीय स्तर पर सुभासपा विधायकों के साथ सपा कार्यकर्ताओं की दूरी बनती जा रही है और भाजपा से नजदीकियां बढ़ नहीं रही। ऐसे में विधायक जी अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच ही ज्यादातर समय बीता रहे है। इसे लेकर विधायक सीधे तौर पर कुछ भी कहने से भी बच रहे है।
विधायक हूं और सिर्फ विकास से है मतलब

बेल्थरारोड विधायक हंसू राम ने भी कहा कि मैं बेल्थरारोड का विधायक हूं और मुझे सिर्फ क्षेत्र के विकास से मतलब है। बाकि के राजनीतिक फैसले का अधिकार संगठन है। उन्होंने अन्य किसी तरह के टिप्पणी से सीधे इंकार किया और कहा कि क्षेत्र के बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सुविधा बेहतर करने के लिए वे लगातार प्रयासरत है। संबंधित मंत्रालय और अधिकारियों के वे लगातार संपर्क में है ताकि क्षेत्र में इन सुविधाओं का विकास हो सके और इसमें आने में वाले अवरोध को दूर किया जा सके।
जर्जर सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए विधायक ने पीडब्लूडी अधिकारियों को दिए निर्देश
शुरुआती बारिश में ही बेल्थरारोड की अधिकांश बदहाल लिंक सड़के झील बन गए है। जर्जर सड़कों के गड्ढों में जलजमाव से आवागमन जानलेवा हो गया है। जिसे गंभीरता से लेते हुए विधायक हंसू राम ने बुधवार को पीडब्लूडी अधिकारियों से वार्ता किया। बेल्थरारोड आवास पर विधायक हंसू राम ने पीडब्लूडी प्रांतीय खंड अधिशासी अभियंता अरुण कुमार को जल्द से जल्द जर्जर सड़कों के मरम्मत कराने के निर्देश दिए। विधायक ने सड़कों को गड्ढामुक्त करने और आवागमन बाधित न हो, ऐसा समय रहते प्रबंध करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया। इस दौरान पीडब्लूडी जेई मनीराम, विजय प्रताप, अमरजीत चैधरी, मिथिलेश राजभर समेत अनेक लोग मौजूद रहे।

प्रशासनिक अनदेखी से मिल रही बालू माफियाओं को मनमानी की छूट
बेल्थरारोड विधायक हंसू राम ने बेल्थरारोड में सरयू किनारे बालू माफियाओं को अवैध खनन, अवैध भंडारण और कालाबाजारी के लिए मिल रहे प्रशासनिक छूट पर नाराजगी जताई और इसे लेकर डीएम से भी उन्होंने शिकायत किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को सदन में भी उठाया जायेगा। कहा कि जबकि बालू खनन का जब ठेका बलिया का है और यहां से गैर जनपद के यातायात के कई साधन है तो जर्जर तुर्तीपार पुल के बहाने प्रशासनिक अधिकारी बालू माफियाओं को मनमानी का क्यों मौका दे रहे है। राजस्व चोरी और अवैध बालू खनन के लिए ही यहां भंडारण की अनुमति दे दी गई है। जिसके आड़ में बालू माफिया भारी मात्रा में कई स्थानों पर भंडारण कर रहे है और अधिकारी अंजान बने हुए है।
सरकारी अस्पतालों के पंगू होने पर चलता है झोला छाप डाक्टरों का कारोबार
बेल्थरारोड में बढ़ते अवैध अस्पतालों का जाल और झोला छाप डाक्टरों के लापरवाही से अवैध आपरेशन टेबल पर दम तोड़ती जिंदगी की घटनों से आहत क्षेत्रीय विधायक हंसू राम ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधा बढ़ाने की मांग की है। विधायक ने सदन में भी यहां सीएचसी पर स्वास्थ्य सुविधा बढ़ाने और अतिरिक्त 100 बेड के अस्पताल के संचालन की मांग कर चुके है। ताकि स्वास्थ्य सुविधा के मामले में पड़ोसी जनपद मऊ और वाराणसी पर बेल्थरारोड की निर्भरता कम हो सके। विधायक ने स्पष्ट कहा कि सरकारी अस्पताल जब पंगु होंगे तो अवैध अस्पताल और झोला छाप डाक्टरों को आमजन के शोषण का मौका मिलता है और जान बचाने के लालच में गरीब अपनी जन और धन दोनों का नुकसान कर बैठते है। इससे निजात पाने के लिए सरकारी अस्पतालों की सुविधा बढ़ाई जानी ही चाहिए।
बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने को लेकर भी उठाया कदम
विधायक हंसू राम ने बेल्थरारोड में विद्युत आपूर्ति बेहतर करने के लिए भी आवश्यक पहल किया है। इसके लिए वे एमडी विद्युत पंकज कुमार से मिलकर नगरा और बेल्थरारोड के जर्जर तार बदलने की मांग कर चुके है। जिनके द्वारा जल्द ही जर्जर तारों को बदलवाने का भरोसा दिया गया है। यहां जर्जर तार के कारण ही ओवरलोड से निर्बाद्ध विद्युत आपूर्ति बाधित होती रहती है। बताया कि जल्द ही दस विद्युत ट्रांसफार्मर भी क्षेत्र को मिल जायेगा। जिसकी विभागीय स्वीकृति मिल गई है।




