तेज आंधी पानी से सात गांव में गिरा पेड़, एक पोल टूटा
उड़ गई सोनाडीह फीडर की बिजली



तेज आंधी में उड़ गई सोनाडीह फीडर की बिजली, सात गांव में गिरा पेड़, एक पोल टूटा
नगर, छितौना और करनी फीडर फिट
बलिया: गुरुवार शुक्रवार की आधी रात को आई तेज आंधी पानी से आमजन को भीषण गर्मी और उमस से तो राहत मिल गई लेकिन बलिया जनपद के बेल्थरारोड बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से तहस नहस हो गई है। छोटी छोटी गड़बड़ी को दूर कर विभाग द्वारा बेल्थरारोड नगर, छितौना एवं करनी फीडर की बिजली तो सामान्य कर दी गई लेकिन तहसील क्षेत्र की सबसे बड़ी सोनाडीह फीडर की बिजली तेज आंधी के साथ उड़ गई और इस क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। विभागीय अधिकारियों ने दावा किया कि क्षेत्र के कुंडैल गांव में बिजली का पोल टूट गया है। जबकि ससना बहादुरपुर, बनकरा, मलेरा, बभनियाव, तरछापार, तेंदुआ एवं दोथ समेत सात गांवों में बिजली के तार पर पेड़ टूटकर गिर गया है। जिससे सोनाडीह फीडर क्षेत्र के करीब 15 ग्राम पंचायत में बिजली आपूर्ति बंद है। हालांकि अवाया विद्युत उपकेंद्र के जेई जितेंद्र कुमार ने शुक्रवार की सुबह 8 बजे पत्रकारों से वार्ता के दौरान दावा किया कि युद्धस्तर से राहत कार्य जारी है और शुक्रवार को दोपहर तक विद्युत आपूर्ति बहाल कर दिया जाएगा।



