


चलती बाइक से झपट लिया बैग, पिता-पुत्री से बदमाशों ने की लूट, उभांव पुलिस के लिए चुनौती बना वारदात
बलिया: जनपद बलिया के बेल्थरारोड बैंक ऑफ बड़ौदा से रुपये निकालकर लौट रही एक बेटी और उसके पिता को बाइक सवार बदमाशों ने बीच सड़क पर निशाना बना लिया। घटना उभांव थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के पास बुधवार की शाम हुई, जब दो बदमाशों ने चलती बाइक से झपट्टा मारकर रंजू गुप्ता का बैग लूट लिया और फरार हो गए।
बैग में 10 हजार रुपये नकद, सोने की सुई-धागा, चांदी की पायल, बिछिया और एक मोबाइल था। वारदात से पिता ओमप्रकाश गुप्ता और पुत्री रंजू सदमे में हैं। दोनों बेल्थरारोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से पैसे निकालकर घर लौट रहे थे, तभी पीछा कर रहे बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
पीड़िता ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज करने के बाद उभांव थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने गुरुवार शाम 6 बताया कि अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने जल्द ही लुटेरों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का दावा भी किया।



