बड़ा खुलासाः पुलिस ने आठ शातिर चोर और सराफा कारोबारी को दबोचा
जनपद के 11 चोरीकांड का हुआ खुलासा, अवैध तमंचा, कारतूस, नगदी और आभूषण बरामद

बलियाः जनपद बलिया के उभांव थाना पुलिस ने शुक्रवार को फेफना पुलिस की मदद से अंतरजनपदीय आठ शातिर चोर और सराफा कारोबारी को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 1.15 लाख रुपया नगद, तीन अवैध तमंचा और सोने चांदी के आभूषण बरामद किए है। पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है। जिसके आधार पर पुलिस ने जनपद के 11 चोरी के बड़े मामलों का खुलासा किया है।
उभांव और फेफना पुलिस के संयुक्त प्रयास से मिली सफलता
इसकी पुष्टि करते हुए उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि फेफना पुलिस की मदद से शुक्रवार की सुबह पौने चार बजे के आसपास अखोप गांव से पुलिस ने सुभाष बनवासी, बनारसी बनवासी, छोटेलाल उर्फ छोटू तीनों ग्राम नसीरपुर गाजीपुर निवासी और संजय उर्फ चैधरी एवं मुकेश बनवासी ग्राम जीराबस्ती सुखपुरा निवासी को दबोच लिया। जिनके पास से तीन अवैध तमंचा, दो चाकू और चोरी में प्रयोग करने वाले उपकरण के साथ 1.15 लाख रुपया नगद बरामद किए गए। सभी चोरी की घटना के बाद अखोप में अर्द्धनिर्मित राजकीय इंटर कालेज के भवन के पास छिपे थे और चोरी का माल का बंटवारा कर रहे थे। पुलिस ने मुखबीर की सूचना में चोरों को दबोच लिया। जिनके निशानदेही पर सुनील वर्मा पानी टंकी रोड रसड़ा, दीपक वर्मा स्टेशन रोड रसड़ा और रणजीत वर्मा कोतवाली गाजीपुर निवासी को पुलिस ने दबोच लिया। जिनके पास ही चोरों ने चोरी के आभूषण बेच दिए थे। चोरों के निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के करीब दो लाख के सोने चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए।
उभांव के तीन, फेफना के 4, नगरा के दो और कोतवाली बलिया के दो मामले का हुआ राजफाश
चोरों की गिरफ्तारी के बाद उभांव थाना क्षेत्र में 30 और 31 अगस्त की रात उभांव और बिड़हरा गांव में हुए चोरी की घटना समेत पिपरौली बड़ागांव चोरीकांड का खुलासा कर लिया गया है। साथ ही फेफना से पूर्व मंत्री अंबिका चैधरी के घर समेत वहां के चार मामले, नगरा के दो और कोतवाली बलिया के दो चोरीकांड का खुलासा किया गया है। गिरफ्तार करने वालों में उभांव इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सिंह, एसआई राघवराम, राजेश यादव के साथ फेफना इंस्पेक्टर पारस नाथ सिंह और एसआई राजू राय शामिल थे।



