डिलक्स हास्पीटल में जच्चा बच्चा मौत प्रकरण में हुई लीपापोती
घटना के एक सप्ताह बाद स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया रजिस्ट्रेशन, जांच की उठी मांग

बलियाः जनपद बलिया के चैकिया मोड़ पर संचालित डिलक्स हास्पीटल में जच्चा बच्चा के मौत की घटना के एक सप्ताह बाद विभाग ने उसे रजिस्टर्ड कर दिया। इसकी जांच की मांग को लेकर आज जशुराम राजभर ने डीएम को ज्ञापन भेजा है। 23 जुलाई को अस्पताल में आपरेशन टेबल पर जच्चा बच्चा के मौत मामले में विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं किया और घटना के एक सप्ताह बाद 28 जुलाई को विवादित अस्पताल को स्वास्थ्य महमके ने चुपके से रजिस्ट्रेशन का प्रमाणपत्र थमा दिया। पूरे प्रकरण में विभाग के नोडल अधिकारी और उच्चाधिकारियों की भूमिका संदिग्ध बनी हुई है। जिसकी जांच की मांग उठी तो विभाग में हड़कंप मच गया है।

स्वास्थ्य विभाग के मेहरबानी से बेल्थरारोड में चल रहे अवैध अस्पताल
शाह कुण्डैल निवासी जशुराम राजभर ने डीएम को ज्ञापन भेजकर स्वास्थ्य विभाग के काले खेल की उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग किया है। डिलक्स हास्पीटल में आपरेशन टेबल पर जच्चा बच्चा के मौत मामले में हो हल्ला का शोर थमा तो विभाग ने एक सप्ताह बाद विवादित अस्पताल को स्वास्थ्य महमके ने चुपके से रजिस्ट्रेशन का प्रमाणपत्र थमा दिया। पूरे प्रकरण में विभाग के नोडल अधिकारी और उच्चाधिकारियों की भूमिका संदिग्ध बनी हुई है।

23 को हुई मौत और 28 जुलाई को हुआ आरोपी अस्पताल का रजिस्ट्रेशन
आरोप लगाया कि इस अस्पताल का संचालन विगत कई महीनों से जारी है। 23 जुलाई को पचमा गांव की प्रसूता पूजा शर्मा और उसके नवजात बच्चे की यहां अवैध तरीके से किए गए आपरेशन के दौरान आपरेशन टेबल पर ही मौत हो गया। जिसके बाद हो हल्ला होने पर कार्रवाई के भय से यह अस्पताल करीब एक सप्ताह तक बंद रहा। स्वास्थ्य माफियाओं ने महकमे के कथित नोडल अधिकारी और उच्चाधिकारियों से मिलकर पूरे मामले में किसी तरह की जांच रिपोर्ट तैयार नहीं की और आनन फानन में इस अस्पताल का रजिस्ट्रेशन घटना के एक सप्ताह बाद 28 जुलाई को जारी कर दिया गया।

मालिक गाजीपुर के उमेश सिंह और संचालक बस्ती के विनय सिंह
रजिस्ट्रेशन में अस्पताल का मालिक उमेश कुमार सिंह ग्राम करजही गाजीपुर और इंचार्ज डा. विनय कुमार सिंह बस्ती निवासी बताया गया है। उक्त अस्पताल पर विभिन्न जनपदों में नाम बदलकर अस्पताल संचालन करने का भी आरोप है।
मामले की हो रही है जांच, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर होगी कार्रवाई
सीयर सीएचसी अधीक्षक डा. राकेश सिंह ने कहा कि डिलक्स हास्पीटल के रजिस्ट्रेशन पूर्व से ही संचालन और जच्चा बच्चा मौत प्रकरण की जांच की जा रही है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।




