बलिया में स्कूली बस से टकराई बाइक, दो की मौत, एक गंभीर
सड़क पर खड़ी स्कूल बस से टकराई बाइक पर सवार थे तीन मित्र, गांव में छाया मातम

बलियाः सिकंदरपुर से लौटने के दौरान बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में जख्मी बेल्थरारोड के बिगह गांव निवासी निवासी दो युवकों की मौत हो गई। जबकि तीसरे घायल कमलेश राम का मऊ अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी भी हालत नाजुक बनी हुई है। तीनों उभांव थाना के बिगह जमीन बिगह गांव के निवासी है। जिसके कारण गांव में मातम छा गया। मृतकों में बिगह जमीन बिगह गांव निवासी अभय सिंह 35 वर्ष और रिंकू मौर्या 30 वर्ष शामिल है। तीनों आपस में गहरे मित्र थे और रिंकू मौर्या के रिश्तेदारी से बाइक द्वारा तीनों एकसाथ लौट रहे थे कि बेल्थरारोड-सिकंदरपुर मुख्य मार्ग पर सड़क पर खड़ी ज्ञानकुंज स्कूल बस से भीषण टक्कर हो गई। घटना में दो युवकों की मौत और तीसरे के गंभीर हालत की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। तीनों युवकों के घर के बाहर ग्रामिण अलग-अलग टोली बनाकर करुणविलाप कर रहे परिजनों को ढांढस बंधा रहे है।
स्कूल बस से टकराकर घायल हुए बाइक सवार तीन में दो की मौत
सिकंदरपुर मार्ग पर हुए सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गयी जबकि एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। जिसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। सिकंदरपुर पुलिस ने दोनों युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रिंकू मौर्य (30 वर्ष) पुत्र रामाकांत मौर्य, अभय सिंह (32 वर्ष) पुत्र मुन्ना सिंह और कमलेश राम (28 वर्ष) पुत्र लूरखुर एक आपाची बाइक से किसी कार्य से सिकंदरपुर गए थे। यहां से लौटने के दौरान ज्ञानकुंज स्कूल की बस रुद्रवार चट्टी के पास बच्चों को उतार रही थी। तभी बाइक सवार युवक बस में पीछे से टक्कर मारते हुए सड़क पर दूर जा गिरे। घटना के बाद आसपास के लोगो की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुँचाया गया। स्थिति नाजुक देख डॉक्टरों ने तीनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में रिंकू 30 वर्ष और अभय सिंह 32 वर्ष की इलाज के दौरान मौत हो गयी। जबकि कमलेश 28 वर्ष की स्थिति नाजुक देख परिजन मऊ हॉस्पिटल लेकर चले गए। जहाँ कमलेश की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।



